परिवहन विभाग ने लोटस वैली स्कूल में किया सड़क सुक्षा पखवाड़े का शुभारंभ
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से हुआ सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का आयोजन
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 126 स्थित लोटस वैली स्कूल में परिवहन विभाग ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में एआरटीओ प्रशासन नंद कुमार और जिला पंचायत के प्रशासक और अध्यक्ष अमित चौधरी भी मौजूद रहे। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने वहां मौजूद 200 से ज्यादा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।

एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि 30 नवंबर तक परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने समेत कई यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई।
ड्राइविंग लाइसेंस बनाकर ही चलाएं वाहनःनंद कुमार
एआरटीओ प्रशासन नंद कुमार ने बताया कि किसी भी छात्र और छात्रा को 18 साल की आयु पूरी होने के बाद ड्राइविंग लाइसेंस बनाना चाहिए। ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के बाद ही वाहन का संचालन करना चाहिए। वहीं, एसीएमओ डॉक्टर जैसलाल ने बताया कि सड़क दुर्घटना और अन्य किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करना चाहिए। इस हेल्प लाइन के माध्यम से कोई भी व्यक्ति सहायता प्राप्त कर सकता है।