औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की नहीं हो दिक्कतःडीएम
छपरौली-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर डीएम ने की बैठक
सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर छपरौली-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों और छपरौली-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की। यह बैठक जिलाधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर एनएचएआई द्वारा ड्रेनेज कार्य में हो रही देरी, पुराने विद्युत उपकेंद्र में जलभराव, औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन वाहन की उपलब्धता और नोएडा प्राधिकरण के सेक्शन-4 से संबंधित सभी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष प्रमुखता के साथ रखा।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर ड्रेनेज कार्य में प्रगति की समीक्षा करते हुए एनएचएआई के संबंधित ठेकेदार की बैठक में अनुपस्थिति मिलने पर नाराजगी भी जाहिर की गई। जिसकी सूचना शासन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर दे दी गई है। वहीं, नोएडा प्राधिकरण के सेक्शन-4 से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण और पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए।
लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में हो पूराःडीएम
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि औद्योगिक और व्यापारिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उद्योग प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं का प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर विवेक भदोरिया और जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक दुबे के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी और छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।