रामकथा में नहीं पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव

राम कथा के लिए आमंत्रण देने खुद पहुंचे थे मुकेश शर्मा, नोएडा से टिकट मिलने की संभावना बेहद कम

रामकथा में नहीं पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा में बहु प्रचारित राम कथा का भव्य आयोजन किया गया। शहर में पहली बार राम कथा का यह आयोजन किया गया। इस राम कथा में शहर के आम लोगों के अलावा सभी राजनीतिक दलों की विशेष निगाह थी। राम भक्ति के तौर पर यह कथा काफी शानदार रही। सुप्रसिद्ध कवि और कथा वाचक कुमार विश्वास का नोएडा में होने वाला यह पहला आयोजन था। इस राम कथा का आयोजन शहर के धनपति मुकेश शर्मा द्वारा किया गया। मुकेश शर्मा की तरफ से दावा किया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी ने नोएडा विधान सभा सीट से समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी बनाने का वायदा किया है। नोएडा विधान सभा सीट पर अपना दावा पुख्ता करने के उद्देश्य से ही इस राम कथा का आयोजन किया गया। ऐसे में इस राम कथा के लिए मुकेश शर्मा ने खुद लखनऊ पहुंचकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को आमंत्रित किया था। ऐसा माना जा रहा था कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस राम कथा के दौरान प्रत्याशी के तौर पर घोषणा कर सकते हैं।

नोएडा के धनपति मुकेश शर्मा इस राम कथा में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बुलाकर एक बड़ा संदेश भी देना चाहते थे। मुकेश शर्मा की योजना के तहत अखिलेश यादव कथा में आएंगे तो उनकी नोएडा विधान सभा सीट पुख्ता हो जाएगी। मुकेश शर्मा की टीम की तरफ से यह भी दावा किया जा रहा था कि नोएडा की कथा में आकर अखिलेश यादव मुकेश शर्मा के नाम पर औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। हालांकि, अब अखिलेश यादव की राम कथा से दूरी बनाने पर यह संकेत मिल रहे हैं कि मुकेश शर्मा का नोएडा विधान सभा सीट से टिकट मिलना थोड़ा मुश्किल हो गया है।

दिल्ली होने के बाद भी नहीं पहुंचे अखिलेश यादव   

नोएडा में राम कथा का आयोजन 13, 14 और 15 नवंबर को किया गया था। इस दौरान 14 नवंबर को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव दिल्ली के लोधी रोड पर स्थित अपने आवास पर लगातार मौजूद रहे। अखिलेश यादव के आवास से राम कथा की दूरी मात्र 15 किलोमीटर थी।

कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देते हैं अखिलेश यादव

अखिलेश यादव के बेहद करीबी व्यक्ति ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बेहद कुशल राजनीतिज्ञ और श्रेष्ठ नीति निर्धारक है। राजनीति की यह शिक्षा उन्हें विरासत में मिली है। जिसमें पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण माना जाता है। वह कभी भी धनपति पर ध्यान नहीं देते हैं। उनके लिए कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी ताकत होते हैं।