कांग्रेस की 181 सीटों वाली सूची वायरल, दादरी और जेवर की मांगी सीट
सपा और कांग्रेस के बीच जल्द होगी गठबंधन को लेकर बैठक
तेजस न्यूज संवाददाता
उत्तर प्रदेश के 2027 मे होने वाले विधान सभा चुनावों को लेकर जल्द ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की एक बैठक होने जा रही है। इस बैठक को लेकर सबसे बड़ा पेंच सीटों के बंटवारे को लेकर फंसता हुआ नजर आ रहा है। कांग्रेस की 181 विधान सभा सीटों वाली एक सूची सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसी सूची के वायरल होने के बाद से उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अलग बहस छिड़ गई है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की 403 विधान सभा सीटों में से कांग्रेस ने 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। सोशल मीडिया में वायरल हो रही सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल, बुंदेलखंड और अवध तक की विधान सभा सीटें शामिल हैं। कांग्रेस की इस सूची में गौतमबुद्ध नगर की दो महत्वपूर्ण सीट दादरी और जेवर का नाम भी शामिल हैं।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की तरफ से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूची की कोई आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की है। ऐसे में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की होने वाली बैठक के बाद ही इस 181 सीटों वाली सूची की कोई स्पष्ट जानकारी प्राप्त हो सकेंगी। साल 2022 के विधान सभा चुनावों में कांग्रेस को केवल दो विधान सभा सीटों पर जीत प्राप्त हुई थी। उस समय कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अलग चुनाव लड़ा था। दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी ने 111 विधान सभा सीटों पर विजय प्राप्त कर मुख्य विपक्षी दल की भूमिका प्राप्त की थी।

लेकिन, साल 2024 के लोक सभा चुनावों में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 37 और कांग्रेस ने छह लोक सभा सीटों पर जीत प्राप्त की थी। कांग्रेस अब 2027 के विधान सभा चुनावों में भी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ना चाहती है।

सपा की जीती हुई सीटों पर भी कांग्रेस की नजर
कांग्रेस की 181 सीटों वाली वायरल सूची में सबसे ज्यादा उन विधान सभा सीटों की चर्चा है। जहां मौजूदा समय में समाजवादी पार्टी के विधायक मौजूद हैं। कांग्रेस की सूची में ऐसी लगभग 22 सीटें शामिल हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी के सामने सीटों का बंटवारा करना अब आसान काम नहीं होगा।

नोएडा, दादरी और जेवर सीटों पर भी कांग्रेस की दावेदारी
कांग्रेस पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। इसमें गौतमबुद्ध नगर की दादरी और जेवर विधान सभा सीट शामिल है। इसके अलावा लोनी, मोदीनगर, बागपत, गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना, हापुड़, बुलंदशहर और मेरठ दक्षिण जैसी सीटें भी सूची में शामिल हैं। हालांकि, कांग्रेस की वायरल हो रही सूची में नोएडा विधान सभा सीट का नाम शामिल नहीं है। जेवर एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेस वे पर हो रहे तेजी से विकास कार्यों को कांग्रेस मुद्दा बनाना चाहती है। इसी के चलते दादरी और जेवर विधान सभा सीटों पर कांग्रेस की विशेष नजर है।