शहर में बारिश से लोगों को मिली गर्मी से राहत, हुआ जलभराव
सीएमओ कार्यालय समेत कई सरकारी कार्यालय पर भरा पानी
मानसून की तेज बारिश ने नोएडा के निवासियों को भीषण गर्मी और उमस से काफी हद तक राहत दी है। लेकिन, इसके साथ ही शहर की जलनिकासी और नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की भी पोल खोल कर रख दी है। महज कुछ घंटों की बारिश ने कई सेक्टरों और सोसायटियों की सड़कों को तालाब में तब्दील कर दिया। शहर के विभिन्न स्थानों और प्रमुख चौराहों में जलभराव, नालों का ओवरफ्लो, सोसायटियों के बेसमेंट में पानी भरने और मुख्य मार्गों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी हुई है। वहीं, नोएडा के सेक्टर 39 स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय और जिला अस्पताल समेत कई सरकारी कार्यालयों में भी जलभराव की स्थिति नजर आई। इससे यहां आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने वीरवार के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है। ऐसे में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद नोएडा प्राधिकरण के लिए स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। बुधवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और इस दौरान झमाझम बारिश भी हुई। इससे शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बारिश थमते ही शहर के कई हिस्सों में जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
वीरवार और शुक्रवार को भी हो सकती है बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चार घंटे के दौरान 70 मिमी से अधिक वर्षा हुआ, जबकि नोएडा में लगभग 30 मिमि वर्षा दर्ज होने का अनुमान है। अगले कुछ घटों तक रुक-रुक कर वर्षा का दौर लगातार जारी रहेगा। मौसम विभाग के तहत वीरवार को गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की संभावना है। जबकि शुक्रवार को रुक-रुक कर वर्षा होने की संभावना जताई गई है। यदि पूर्वानुमान सही साबित होता है तो निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या और गंभीर हो सकती है।
सेक्टरों से लेकर सोसायटियों के बेसमेंट तक भरा पानी
नोएडा के सेक्टर 72 के विभिन्न ब्लाकों, सेक्टर 108 के ई और डी ब्लाक, सेक्टर 122, सेक्टर 62 स्थित रजत विहार, सेक्टर 12, सेक्टर 22, सेक्टर 19, सेक्टर 20, सेक्टर 55, सेक्टर 56, सेक्टर 108 और सेक्टर 110 समेत शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। इसके अलावा कई हाईराइज सोसायटियों के बेसमेंट में भी जलभराव की स्थिति देखी गई। कई स्थानों पर सड़के मकानों से ऊंची होने के कारण बारिश का पानी घरों और पार्किंग तक पहुंच गया। शहर के कई प्रमुख चौराहों से वाहनों के खराब होने की भी जानकारी प्राप्त हुई।
शहर के विभिन्न स्थानों पर लगा जाम
बारिश का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी साफ नजर आ रहा था। डीएनडी, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन, सेक्टर 18, सेक्टर 37 और सिटी सेंटर की तरफ जाने वाले मार्गों पर वाहनों की काफी लंबी कतारें नजर आ रही थी। बारिश रुकने के घंटों बाद भी कई स्थानों पर पानी भरा रहा और वाहन रेंगते नजर आए।