केयरिंग एसोसिएशन इंडिया ने की डीएम से मुलाकात

इस मुलाकात के दौरान विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की

केयरिंग एसोसिएशन इंडिया ने की डीएम से मुलाकात

सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर केयरिंग एसोसिएशन इंडिया के एक प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी मेधा रूपम से मुलाकात की। यह मुलाकात केयरिंग एसोसिएशन इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवांश श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस मुलाकात के दौरान विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस चर्चा के दौरान समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराने की भी मांग की गई।


केयरिंग एसोसिएशन इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवांश श्रीवास्तव ने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में संचालित असंगठित प्ले स्कूलों से संबंधित मुद्दों को जिलाधिकारी मेधा रूपम के समक्ष रखा गया। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अनेक प्ले स्कूल बिना किसी समुचित मानक और प्रभावी निगरानी व्यवस्था के संचालित हो रहे हैं। जिससे बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास से जुड़े विभिन्न प्रश्न उत्पन्न हो रहे हैं। प्ले स्कूलों में आवश्यक सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित किए जाने, भवन और अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी व्यवस्था, आपदा प्रबंधन की तैयारी, बच्चों के सुरक्षित परिवहन और अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी दिशा-निर्देश और नियमित निरीक्षण व्यवस्था लागू किए जाने का सुझाव दिया जाए। वहीं, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आश्वासन देते हुए कहा कि सभी समस्याओं पर विस्तार से कार्रवाई की जाएगी और संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश भी जारी किया जाएगा। इस मौके पर केयरिंग एसोसिएशन इंडिया के प्रदेश प्रमुख अलोक गर्ग, रजत त्यागी, पंकज त्रिपाठी और शैलेंद्र सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।