नोफा ने की हाईराइज सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा को लेकर बैठक
नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कई हाईराइज सोसायटियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई
नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएसन के नव-निर्वाचित बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के पदाधिकारियों ने एक बैठक का आयोजन किया। यह बैठक नोफा के अध्यक्ष पुनीत शर्मा और महासचिव सुरोजित दासगुप्ता के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कई हाईराइज सोसायटियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिसमें मुख्य रूप से हाईराइज सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा और अग्निशमन विभाग की आपातकालीन तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

नोफा अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने बताया कि प्रदेश के लाखों हाईराइज निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस विषय को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी प्रमुखता के साथ उठाया जाएगा। जिससे राज्य स्तर पर आवश्यक नीतिगत और संस्थागत कदम उठाए जा सकें। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटियों में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के पहले दो दिनों में ही शहर की विभिन्न सोसायटियों में पांच हजार से ज्यादा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है। कुछ सेक्टरों में कानून व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। इन सभी मुद्दों को जल्द ही नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के समक्ष रखा जाएगा। इस मौके पर नोफा कोषाध्यक्ष राजीव सक्सेना, उपाध्यक्ष उमाशंकर शर्मा, अब्दुल बारी, संदीप भट्ट, सुशील बहुगुणा, सुरकेश शर्मा और रजनीश नंदन समेत कई लोग मौजूद रहे।