तस्करी की 351 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
खेकड़ा कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात पाठशाला बस स्टैंड पर चेकिंग के दौरान शराब तस्करी का खुलासा करते हुए लग्जरी कार सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार से हरियाणा मार्का की 39 पेटियों में भरी 351 लीटर देसी शराब बरामद की। तस्कर शराब को हरियाणा से लोनी क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
तस्करी की 351 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
- लग्जरी कार में काले कपड़े से ढककर ले जा रहे थे हरियाणा की शराब
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात पाठशाला बस स्टैंड पर चेकिंग के दौरान शराब तस्करी का खुलासा करते हुए लग्जरी कार सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार से हरियाणा मार्का की 39 पेटियों में भरी 351 लीटर देसी शराब बरामद की। तस्कर शराब को हरियाणा से लोनी क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात पाठशाला पुलिस चौकी पर वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर से एक ब्रेजा कार पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें शराब की पेटियां मिलीं। सभी पेटियों को काले कपड़े से ढककर रखा गया था। पुलिस ने कपड़ा हटाकर पेटियों की गिनती की तो कुल 39 पेटियां मिलीं। इनमें पव्वों में 351 लीटर हरियाणा मार्का देसी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने शराब और कार को कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी आशीष पुंडीर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बागपत कोतवाली क्षेत्र के बाघू गांव निवासी आकाश और हिमांशु हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों हरियाणा से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर लोनी क्षेत्र में महंगे दामों पर बेचते थे। बुधवार रात भी दोनों कार से शराब लेकर लोनी जा रहे थे। पुलिस ने गुरुवार को दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।