आज सीएम योगी करेंगे नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन
390 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है नया प्रशासनिक भवन
नोएडा के सेक्टर 96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक भवन का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शनिवार को उद्घाटन किया जाएगा। यह नया प्रशासनिक भवन करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस भवन का निर्माण साल 2016 में शुरू किया गया था। लेकिन, विभिन्न कारणों के चलते इस परियोजना में लगातार देरी होती रही। नोएडा प्राधिकरण के इस नए प्रशासनिक कार्यालय में सभी प्रमुख विभागों का केंद्र बनाया जाएगा। इस भवन के शुरू होने के बाद शहर के निवासियों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। जिससे अधिकारियों और आम लोगों दोनों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।

नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक कार्यालय पर लगभग 390 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसमें 299 करोड़ रुपये सिविल निर्माण और 90 करोड़ रुपये विद्युत कार्यों पर व्यय किए गए। अब भवन पूरी तरह तैयार है और शनिवार को उद्घाटन के साथ ही नोएडा प्राधिकरण के सभी विभाग यहां से संचालित होने शुरू हो जाएंगे। गौरतलब है कि इस परियोजना की शुरूआत साल 2016 में हुईी थी। इस परियोजना को अब से कई वर्ष पूर्व ही पूरा हो जाना चाहिए था। लेकिन, कई कारणों के चलते इसका निर्माण लगातार प्रभावित होता रहा। समय पर काम पूरा नहीं होने के चलते साल 2022 से पहले कार्यदायी कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। इसके बाद प्राधिकरण ने शेष कार्य को दोबारा टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से रिस्क एंड कॉस्ट के आधार पर पूरा कराने का फैसला किया। साल 2020 और 2021 में कोरोना वायरस महामारी के चलते मजदूरों के पलायन ने भी इस परियोजना की रफ्तार को काफी धीमा कर दिया था। 27 मई 2022 को एसटी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को शेष कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई। आईआईटी दिल्ली की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर भवन की रेट्रोफिटिंग कराई गई। जिसके बाद निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सका।
एक ही परिसर में होंगे सभी विभाग
मौजूदा समय में नोएडा प्राधिकरण के विभिन्न विभाग अलग-अलग स्थानों से संचालित हो रहे हैं। मुख्य प्रशासनिक कार्यालय सेक्टर 6 में, उद्यान विभाग सेक्टर 39 में और अन्य विभाग सेक्टर 19 और सेक्टर 20 में संचालित किए जा रहे हैं। नए भवन में सभी विभागों को एक ही परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और आम लोगों को भी विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे।
एक्सप्रेस-वे से मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
सेक्टर 96 स्थित नया प्रशासनिक भवन नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे के निकट बनाया गया है। बेहतर सड़क संपर्क के कारण यहां आम लोगों और कर्मचारियों की आवाजाही आसान होगी। प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक, अत्याधुनिक सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी से लोगों को सेवाएं पहले से अधिक सुगमता से मिल सकेंगी।
डिजाइन में किया गया बदलाव
इस परियोजना को 18 और 9 मंजिला दो टावरों के रूप में शुरूआत के समय विकसित करने की योजना तैयार की गई थी। हालांकि, बाद में इस परियोजना के डिजाइन में बदलाव किया गया। अब परिसर में 4 और 8 मंजिला दो टावर तैयार किए गए हैं। करीब छह एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अत्याधुनिक परिसर में बेसमेंट समेत पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। जिससे कर्मचारियों और आगंतुकों को काफी ज्यादा सुविधा प्राप्त होगी।