नोएडा से जल्द चलेगी मेरठ और मथुरा के लिए इलेक्ट्रिक बसें

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने सरकार को भेजा प्रस्ताव

नोएडा से जल्द चलेगी मेरठ और मथुरा के लिए इलेक्ट्रिक बसें

नोएडा के सेक्टर 35 स्थित मोरना डिपो से जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। यह बसें मथुरा और मेरठ के लिए संचालित की जाएगी। इन इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के साथ ही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की काफी हद तक डीजल और सीएनजी बसों की निर्भरता कम हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि मोरना डिपो से मेरठ और मथुरा के लिए इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश सरकार के समक्ष रखा है। विभाग को उम्मीद है कि जल्द ही मोरना डिपो से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों के शुरूआती चरण में मथुरा और मेरठ के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। जिन राज्यों और जिलों में चार्जिंग स्टेशन की उपलब्धता होगी, भविष्य में उन राज्यों और जिलों में भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा।
सिटी बसों के तौर पर चल रही अभी इलेक्ट्रिक बसेंःमनोज कुमार
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि नोएडा में अभी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन केवल सिटी बसों के तौर पर किया जा रहा है। हालांकि, नोएडा डिपो से उत्तर प्रदेश के लगभग सभी शहरों के लिए बसों का संचालन किया जाता है। जिसमें आगरा, मथुरा, एटा, कासगंज, बदायूं, लखनऊ, बरेली, अलीगढ़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, रूड़की और हरिद्वार समेत कई शहरों के लिए बसों को संचालित किया जाता है।