डीडीआरडब्ल्यूए ने की एडीसीपी के साथ बैठक
पुलिस के सामने रखी 17 मुख्य मांगेःएनपी सिंह
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 51 स्थित बारात घर में डीडीआरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने एडिशनल डीसीपी अभय कुमार मिश्रा के साथ एक बैठक का आयोजन किया। यह बैठक डीडीआरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एनपी सिंह के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान डीडीआरडब्ल्यूए ने किरायेदारों के पुलिस सत्यापन, रात में गश्त बढ़ाने, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और अग्नि सुरक्षा से जुड़े समेत करीब 17 मुद्दे उठाए गए। वहीं, बिना PASARA रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रही सिक्योरिटी एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई।

डीडीआरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एनपी सिंह ने बताया कि बैठक के दौरान किरायेदारों, घरेलू सहायकों, ड्राइवरों, सुरक्षा गार्डों और निर्माण श्रमिकों का पुलिस सत्यापन प्रभावी ढंग से कराने की मांग की गई। इसके अलावा सेक्टरों की आंतरिक सड़कों, पार्कों, बाजारों और मेट्रो स्टेशनों के आसपास रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की गई। सेक्टरों के प्रवेश और निकास द्वारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी को देखते हुए आम लोगों के लिए जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की गई। इसके अलावा बाजारों, स्कूलों और मेट्रो स्टेशनों के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात बाधाओं का मुद्दा भी उठाया गया।
बिना PASARA रजिस्ट्रेशन वाली सिक्योरिटी एजेंसियों पर कार्रवाई की मांगःएनपी सिंह
डीडीआरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एनपी सिंह ने कहा कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पुलिस और नागरिक संगठनों के बीच नियमित संवाद जरूरी है। जिन सिक्योरिटी एजेंसियों का PASARA के तहत पंजीकरण नहीं है। उनके खिलाफ पुलिस की तरफ से सख्त से सख्त कार्रवाई भी की जाए। अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी निर्धारित नियमों के तहत पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।