26 नवंबर को लखनऊ में होगी संविधान रक्षा यात्राःमुकेश यादव
राष्ट्रीय अध्यक्ष भी होंगे यात्रा में शामिलःपवन शर्मा
तेजस न्यूज संवाददाता
आगामी 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रक्षा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा एक वोट की बुनियाद पर खड़े भारत के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संकल्प के साथ निकाली जाएगी। संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखने वाले सभी लोगों से यात्रा में शामिल होने की अपील की जा रही है। नोएडा महानगर कांग्रेस के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचकर इस यात्रा में शामिल होंगे। यह बातें नोएडा के सेक्टर 52 स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहीं।

कांग्रेस के प्रवक्ता और सोशल मीडिया स्टेट कोऑर्डिनेटर पवन शर्मा ने बताया कि संविधान बचाओ यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जनु खरगे भी शामिल होंगे। यह आयोजन केवल कांग्रेस पार्टी तक सीमित नहीं है। इसमें सिविल सोसायटी के लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी भागीदारी की अपील की गई है। इसका उद्देश्य संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिनेश अवाना, सोशल मीडिया स्टेट कोऑर्डिनेटर और प्रवक्ता पवन शर्मा, अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव लियाकत चौधरी, पीसीसी सदस्य यतेंद्र शर्मा, विक्रम चौधरी, गौरव अधाना और अरुण प्रधान समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।