कुएं में फंदे पर लटके मिले युवक की दूसरे दिन भी नहीं हुई शिनाख्त, मौत की गुत्थी उलझी
बसी गांव में कुएं के अंदर फांसी के फंदे पर लटके मिले अज्ञात युवक की दूसरे दिन भी शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह सवाल भी अभी अनसुलझा है। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक का शव शिनाख्त के लिए बागपत पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है।
कुएं में फंदे पर लटके मिले युवक की दूसरे दिन भी नहीं हुई शिनाख्त, मौत की गुत्थी उलझी
- बसी गांव में कुएं के अंदर मिला था अज्ञात युवक का शव
- हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
- शिनाख्त के लिए 72 घंटे पोस्टमार्टम हाउस में रखा जाएगा शव
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र के बसी गांव में कुएं के अंदर फांसी के फंदे पर लटके मिले अज्ञात युवक की दूसरे दिन भी शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह सवाल भी अभी अनसुलझा है। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक का शव शिनाख्त के लिए बागपत पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है।
क्षेत्र के बसी गांव में 22 सितंबर को कुएं में एक अज्ञात युवक का शव फंदे पर लटका मिला था। शव मिलने की जानकारी से गांव में सनसनी फैल गई थी। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। सूचना पर पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी। कोतवाली प्रभारी ने ग्रामीणों और आसपास के गांवों के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेज दिया था। सोमवार को भी पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी रही, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। वहीं, युवक की मौत के कारणों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। कोतवाली प्रभारी आशीष पुंडीर ने बताया कि मृतक के शव को शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस में रखा जाएगा। इस अवधि में पहचान नहीं होने पर नियमानुसार लावारिस में अंतिम संस्कार कराया जाएगा। युवक की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।