नोएडा और दादरी पर सपा उतार सकती है प्रत्याशी

कांग्रेस और सपा की बैठक में हुआ स्पेशल 26 फॉर्मूला, नोएडा और दादरी में कांग्रेस दावेदारों का टूट सकता है सपना

नोएडा और दादरी पर सपा उतार सकती है प्रत्याशी

तेजस न्यूज संवाददाता

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों को लेकर राजनीति अब काफी ज्यादा गर्मा रही है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर दूसरे स्तर की बैठक भी हो चुकी है। इस बैठक के बाद अब नोएडा और दादरी में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की धड़कनें भी तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की अब तक की दो बैठकों के बाद इस बात के संकेत मिलने शुरू हो गए हैं कि नोएडा और दादरी विधान सभा सीट समाजवादी पार्टी के खाते में जा सकती है। ऐसे में नोएडा और दादरी विधान सभा सीटों पर कांग्रेस से टिकट की उम्मीद लगा रखे नेताओं और कार्यकर्ताओं को बड़ा झटका लग सकता है। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ हुई बैठक के दौरान एक स्पेशल-26 की रखी है।

नोएडा विधान सभा सीट से पूर्व महानगर अध्यक्ष रामकुमार तंवर, दिनेश अवाना और सतेंद्र शर्मा समेत कई अनुभवी नेता कांग्रेस से टिकट की मांग कर रहे थे। वहीं, दादरी विधान सभा सीट से कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाल भी टिकट की मांग कर रहे थे। सूत्रों को अगर सही माना जाए तो एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने तो हाल ही में एक सार्वजनिक समारोह में भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा के समक्ष यह दावा तक कर दिया था कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी से उनकी निकटता के चलते नोएडा विधान सभा सीट पर उनकी दावेदारी पक्की है। हालांकि, सपा के साथ हुई बैठक के बाद अब राजनीतिक समीकरण भी बदलने की पूरी संभावना है।

बैठक के बाद सपा कार्यकर्ताओं में नजर आ रहा उत्साह

नोएडा और दादरी विधान सभा सीट पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की दो चरणों में हुई बैठक के बाद अब स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह नजर आ रहा है। सपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि दादरी विधान सभा सीट कांग्रेस के पास जाने से एक बड़ा नुकसान गठबंधन को हो सकता है। दादरी विधान सभा सीट पर गुर्जर समाज की संख्या काफी ज्यादा है और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी दादरी में जन सभा कर राजनीतिक जमीन तैयार कर चुके हैं।

सपा नोएडा में ब्राह्मण चेहरे पर लगा सकती है अब दांव

नोएडा विधान सभा सीट पर समाजवादी पार्टी अब काफी ज्यादा आक्रमक नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी सूत्रों को अगर सही माना जाए तो इस बार समाजवादी पार्टी किसी ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगा सकती है। समाजवादी पार्टी नोएडा विधान सभा सीट पर ऐसे ब्राह्मण चेहरे को उतार सकती है जो आर्थिक रूप से संपन्न होने के साथ ही सामाजिक तौर पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत रखता है।