ट्रेन दुर्घटना से बचाने के लिए ग्रामीणों ने निजी खर्च से बनाया कच्चा रास्ता
क्षेत्र के सुन्हैड़ा और बसी गांव के ग्रामीणों ने अपनी सक्रियता और जनसहभागिता का उदाहरण पेश करते हुए रेलवे ट्रैक के साथ एक कच्चा मार्ग तैयार कराया है, ताकि स्थानीय लोगों विशेषकर स्कूली बच्चों को हादसों से बचाया जा सके। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग पूरी तरह निजी खर्च पर बनाया गया है और इसके निर्माण में करीब तीन लाख रुपये खर्च हुए हैं।
ट्रेन दुर्घटना से बचाने के लिए ग्रामीणों ने निजी खर्च से बनाया कच्चा रास्ता
- रेलवे से पक्की सड़क निर्माण की मांग उठी
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र के सुन्हैड़ा और बसी गांव के ग्रामीणों ने अपनी सक्रियता और जनसहभागिता का उदाहरण पेश करते हुए रेलवे ट्रैक के साथ एक कच्चा मार्ग तैयार कराया है, ताकि स्थानीय लोगों विशेषकर स्कूली बच्चों को हादसों से बचाया जा सके। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग पूरी तरह निजी खर्च पर बनाया गया है और इसके निर्माण में करीब तीन लाख रुपये खर्च हुए हैं।
सुन्हैड़ा गांव में अंडरपास से रेलवे हॉल्ट तक कोई पक्का रास्ता न होने के कारण बच्चों और ग्रामीणों को प्रतिदिन रेलवे ट्रैक के सहारे चलकर आवागमन करना पड़ता था। यहां ट्रेन गुजरते समय कई बार दुर्घटनाएं होने की नौबत आ जाती थी। इसी वर्ष दो ग्रामीण ट्रेन की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं, जिससे गांव में भय का माहौल बन गया था। ग्रामवासियों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्वयं मिट्टी डालकर अंडरपास से हॉल्ट तक सुगम कच्चा रास्ता तैयार कर दिया। बसी ग्राम प्रधान संजीव और सुन्हैडा ग्राम प्रधान राजकुमार ने बताया कि जब तक इस मार्ग पर पक्का सड़क निर्माण नहीं हो जाता, दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। इसलिए उन्होंने रेलवे प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस कच्चे रास्ते को जल्द से जल्द पक्का कराया जाए, ताकि बच्चों और स्थानीय लोगों की जान जोखिम में न रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन उनकी इस महत्वपूर्ण मांग पर शीघ्र ही कदम उठाएगा।