इंद्रप्रस्थ लिटिल किंगडम में वार्षिक खेल दिवस जौश 2025 का भव्य आयोजन
खेकड़ा कस्बे के इंद्रप्रस्थ लिटिल किंगडम का वार्षिक खेल दिवस जौश 2025 उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इंद्रप्रस्थ लिटिल किंगडम में वार्षिक खेल दिवस जौश 2025 का भव्य आयोजन
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के इंद्रप्रस्थ लिटिल किंगडम का वार्षिक खेल दिवस जौश 2025 उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या अर्चना महाजन ने दीप प्रज्ज्वलन कर फीता काटकर किया। शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक एवं अनुशासित मार्च पास्ट से हुई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके उपरांत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की गई, जिसमें गणेश वंदना, एरोबिक्स, सर्किट योग, ताली योग आदि प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया। खेल प्रतियोगिताओं में नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के विद्यार्थियों के लिए तीन टांग दौड़, बैलेंस रेस, नींबू-चम्मच दौड़, बाधा दौड़ सहित अनेक रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा तृतीय से पंचम तक की प्रतियोगिताएं हाउस सिस्टम के अंतर्गत आयोजित की गईं। बालकों की 100 मीटर दौड़ में फाल्कन हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इसके साथ ही लंबी कूद, बालिकाओं की 50 मीटर दौड़ तथा रस्साकशी जैसी रोमांचक प्रतियोगिताओं ने दर्शकों में जोश भर दिया। प्रतियोगिताओं के समापन पर अंक तालिका के आधार पर फाल्कन हाउस ने कुल 30 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर हॉक हाउस को 10, ईगल को 15 अंक और तृतीय स्थान पर केस्टल हाउस को 5 अंक प्राप्त हुए। विजेता हाउस को चैम्पियन ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। संचालन प्रगुन और युवी ने पूरे आत्मविश्वास जोश के साथ किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर खेल भावना, अनुशासन और उत्साह से ओतप्रोत रहा।


