फायर सेफ्टी नियमों का सख्ती से कराया जाए पालनःपंकज सिंह

सभी शिक्षण संस्थानों के फायर सेफ्टी ऑडिट की विधायक ने उठाई मांग

फायर सेफ्टी नियमों का सख्ती से कराया जाए पालनःपंकज सिंह

लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर विधायक पंकज सिंह की तरफ से गहरा शोक व्यक्त किया गया है। वहीं, विधायक पंकज सिंह ने प्रदेश सरकार से राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों का सघन फायर सेफ्टी ऑडिट कराने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
विधायक पंकज सिंह ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं कहीं न कहीं सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमी की ओर भी संकेत करती हैं। प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों से मांग की कि राज्य के सभी स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और अन्य शैक्षणिक परिसरों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाए। जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलती है। उनके खिलाफ सख्ती के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए। जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो सके। शिक्षण संस्थानों में अध्ययन करने वाले छात्रों और वहां कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अग्नि सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और समय-समय पर मॉक ड्रिल जैसी व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से लागू की जानी चाहिए। सरकार, प्रशासन और संस्थान संचालकों को मिलकर ऐसी प्रभावी व्यवस्था तैयार करनी होगी। जिससे भविष्य में किसी भी परिवार को इस प्रकार की त्रासदी का सामना नहीं करना पड़े।