उच्च क्षमता की बिजली लाइन पर गिरा विशाल पेड़, चार घंटे गुल रही खेकड़ा की बिजली

गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने खेकड़ा कस्बे की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। मुबारिकपुर रोड पर बबूल का एक विशाल पेड़ उखड़कर उच्च क्षमता की बिजली लाइन पर गिर गया, जिससे पूरे कस्बे की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लाइन से पेड़ हटाकर बिजली बहाल की गई, लेकिन इसके बाद लगातार फॉल्ट आने से पूरे दिन बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। इससे आम जनजीवन के साथ-साथ उद्योग-धंधों पर भी असर पड़ा।

उच्च क्षमता की बिजली लाइन पर गिरा विशाल पेड़, चार घंटे गुल रही खेकड़ा की बिजली

उच्च क्षमता की बिजली लाइन पर गिरा विशाल पेड़, चार घंटे गुल रही खेकड़ा की बिजली
- आपूर्ति बहाल होने के बाद भी फॉल्ट ने बढ़ाई मुश्किलें, पूरे दिन बिजली की आंख-मिचौली से लोग रहे परेशान
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने खेकड़ा कस्बे की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। मुबारिकपुर रोड पर बबूल का एक विशाल पेड़ उखड़कर उच्च क्षमता की बिजली लाइन पर गिर गया, जिससे पूरे कस्बे की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लाइन से पेड़ हटाकर बिजली बहाल की गई, लेकिन इसके बाद लगातार फॉल्ट आने से पूरे दिन बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। इससे आम जनजीवन के साथ-साथ उद्योग-धंधों पर भी असर पड़ा।
गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे तेज बारिश और हवा के बीच मुबारिकपुर रोड पर खड़ा बबूल का एक बड़ा पेड़ जड़ समेत उखड़कर उच्च क्षमता की बिजली लाइन पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही पूरे कस्बे की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलते ही संविदा लाइनमैन और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन लगातार हो रही तेज बारिश राहत कार्य में बाधा बनती रही। प्रतिकूल मौसम के बीच करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ हटाकर लाइन को दुरुस्त किया गया और बिजली आपूर्ति शुरू की गई। हालांकि, आपूर्ति बहाल होने के बाद भी समस्या खत्म नहीं हुई। बारिश के कारण लाइनों में बार-बार फॉल्ट आने लगे, जिससे पूरे दिन बिजली की आवाजाही जारी रही। लगातार ट्रिपिंग और कटौती से लोगों को पेयजल, घरेलू कार्यों और व्यापारिक गतिविधियों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली की अनियमित आपूर्ति का असर कस्बे के उद्योग-धंधों पर भी पड़ा। मशीनें बार-बार बंद होने से उत्पादन प्रभावित रहा और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। वहीं भीषण उमस के बीच लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। बिजली विभाग के कर्मचारी देर शाम तक फॉल्ट तलाशने और उन्हें ठीक करने में जुटे रहे।