फिल्मी स्टाइल में वैगनआर कार सवारों ने स्कॉर्पियो का किया पीछा, कई बार मारी टक्कर, चाकू लहराकर दी धमकी
रविवार शाम डीपीएस चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कमर्शियल वैगनआर कार में सवार तीन-चार युवकों ने फिल्मी अंदाज में एक स्कॉर्पियो-एन का पीछा करते हुए कई बार टक्कर मारी। आरोप है कि आरोपियों ने चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी भी दी गई और विरोध करने पर स्कॉर्पियो सवार युवकों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया
तेजस न्यूज संवाददाता
फिल्मी स्टाइल में वैगनआर कार सवारों ने स्कॉर्पियो का किया पीछा, कई बार मारी टक्कर, चाकू लहराकर दी धमकी
पुलिस को देखकर कार छोड़कर फरार हुए आरोपी, वाहन कब्जे में लेकर तलाश शुरू
गाजियाबाद। थाना विजयनगर क्षेत्र में रविवार शाम डीपीएस चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कमर्शियल वैगनआर कार संख्या UP14BT 1385 में सवार तीन-चार युवकों ने फिल्मी अंदाज में एक स्कॉर्पियो-एन का पीछा करते हुए कई बार टक्कर मारी। आरोप है कि आरोपियों ने चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी भी दी गई और विरोध करने पर स्कॉर्पियो सवार युवकों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। घटना से डीपीएस चौराहे के आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी अपनी कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़ित अभिषेक यादव के अनुसार वह रविवार शाम अपनी स्कॉर्पियो-एन से बहलोलपुर गांव से निकला था। जैसे ही वह छजारसी के पास पहुंचा, पीछे से आ रही एक कमर्शियल वैगनआर कार संख्या UP16 BT 1385 जिसमें तीन-चार युवक सवार थे, ने उसकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी उसकी गाड़ी के आगे-आगे चलने लगे और जानबूझकर रास्ता रोकते रहे। अभिषेक का आरोप है कि वैगनआर में बैठा एक युवक चाकू लहराते हुए लगातार धमकियां देता रहा। उसने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया है, जिसमें आरोपी के हाथ में चाकू दिखाई दे रहा है।

अभिषेक के मुताबिक पीछा करते हुए आरोपी थाना विजयनगर क्षेत्र स्थित प्रताप विहार चौकी के अंतर्गत डीपीएस चौराहे तक पहुंच गए। यहां उन्होंने फिर से स्कॉर्पियो में लगातार कई बार टक्कर मारी। जब अभिषेक और उसका साथी गाड़ी से उतरकर उनसे बात करने का प्रयास करने लगे तो आरोपियों ने उन पर ही कार चढ़ाने की कोशिश की। दोनों युवकों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान वैगनआर सवार स्कॉर्पियो के चारों ओर कार घुमाकर उन्हें डराने का प्रयास करते रहे।

घटना का नजारा देखकर चौराहे पर मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई। कई लोग वहां से दूर भाग गए। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपी अपनी वैगनआर कार ही छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से वैगनआर कार को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित अभिषेक यादव ने थाना विजयनगर में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि अभिषेक यादव की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस ने वैगनआर कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।