बागपत के चर्चित धर्म परिवर्तन प्रकरण की जांच पूरी, आरोपी महिला के खिलाफ कोर्ट में पेश हुई चार्जशीट
लंबे समय से सुर्खियों में रहे बागपत जनपद के धर्म परिवर्तन प्रकरण में अब एक बड़ा मोड़ आया है। खेकड़ा पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी करते हुए आरोपी महिला के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया है। अब इस संवेदनशील मामले की आगे की कार्रवाई अदालत के हाथों में होगी।
बागपत के चर्चित धर्म परिवर्तन प्रकरण की जांच पूरी, आरोपी महिला के खिलाफ कोर्ट में पेश हुई चार्जशीट
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
लंबे समय से सुर्खियों में रहे बागपत जनपद के धर्म परिवर्तन प्रकरण में अब एक बड़ा मोड़ आया है। खेकड़ा पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी करते हुए आरोपी महिला के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया है। अब इस संवेदनशील मामले की आगे की कार्रवाई अदालत के हाथों में होगी।
यह प्रकरण उस वक्त सामने आया था जब डायल-112 सेवा में तैनात पुलिस कांस्टेबल श्रीकांत ने खेकड़ा थाने में दिल्ली निवासी हिना उर्फ मुब्बासरीन के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर 22 मार्च 2026 को मुकदमा पंजीकृत किया गया था। कांस्टेबल का आरोप था कि वर्ष 2022 में गाजियाबाद में तैनाती के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी महिला से हुई थी, जिसके बाद महिला ने उस पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसे दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल किए जाने का आरोप भी लगाया गया था। शिकायत में यह भी उल्लेख था कि महिला उसे दिल्ली की एक मस्जिद में ले गई, जहां धर्म परिवर्तन से संबंधित दस्तावेज तैयार कराए गए। साथ ही धार्मिक गतिविधियों और जमात से जुड़ने के लिए भी लगातार दबाव बनाए जाने का आरोप सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश अवैध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, एससी/एसटी एक्ट तथा आईटी एक्ट सहित अन्य संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। जांच आगे बढ़ने पर 11 अप्रैल 2026 को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की बारीकी से जांच की गई, जिसके बाद अब आरोपी के खिलाफ चार्जशीट अदालत भेज दी गई है। क्षेत्राधिकारी खेकड़ा रोहण चौरसिया ने बताया कि मामले में पुलिस स्तर की समस्त कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है और अब इस पर सुनवाई न्यायालय में होगी। धर्म परिवर्तन और ब्लैकमेलिंग जैसे संवेदनशील आरोपों से जुड़े इस चर्चित मामले में चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब सबकी निगाहें अदालत की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।