अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापनःडॉ. मुन्ना कुमार
सेक्टर 75 के छठ घाट पर हजारों छठव्रतियों ने उदीयमान भगवान सूर्यदेव को दिया अर्घ्य
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 75 स्थित सेंट्रल पार्क के छठ घाट समेत शहर के लगभग 250 छठ घाटों पर हजारों छठव्रतियों और श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ प्रातःकाल उदीयमान भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। अर्घ्य और पारण के साथ ही सूर्योपासना के इस पावन महापर्व का विधिवत समापन हो गया।

अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन छठव्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत बांस के सूप में ठेकुआ, लड़ुआ, बताशा, अगरबत्ती, सिंदूर, पान, कसेली और सेब, केला, संतरा, सिंघाड़ा, सूथनी, मूली और अमरूद समेत विभिन्न मौसमी फलों और पूजन सामग्री को सजाकर अपने हाथों में उठाया और उदीयमान भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस मौके पर व्रतियों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली, आरोग्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की। घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं और परिवार के सदस्यों ने भी भगवान सूर्यदेव को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इस मौके पर श्री सूर्यदेव पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा, संयोजक ओपी तिवारी, महासचिव राजीव त्यागी, कोषाध्यक्ष प्रभात कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, सह संयोजक राकेश श्रीवास्तव, ब्रजेश शर्मा, हीरालाल यादव, मनीष यादव, मल्लिकेश्वर झा, सीए निशांत कुमार, ज्ञानेश मिश्रा और अनुराग श्रीवास्तव समेत कई लोग मौजूद रहे।