शाहदरा रेलवे स्टेशन पर युवक की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम, न्याय की मांग तेज
दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड के बाद खेकड़ा क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक पंकज धामा, जो खेकड़ा के शेखपुरा गांव के निवासी थे, उनके आवास पर रविवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में गम पसरा हुआ है।
शाहदरा रेलवे स्टेशन पर युवक की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम, न्याय की मांग तेज
- खेकड़ा में शोक जताने पहुंचे सामाजिक संगठन, दोषियों की गिरफ्तारी की उठी मांग
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड के बाद खेकड़ा क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक पंकज धामा, जो खेकड़ा के शेखपुरा गांव के निवासी थे, उनके आवास पर रविवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में गम पसरा हुआ है।
बताया गया कि शनिवार को पंकज धामा ड्यूटी खत्म कर घर लौटने के लिए शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने को लेकर कुछ यात्रियों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया और युवकों के एक समूह ने पंकज पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावर नहीं रुके और पंकज को अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें जीटीबी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से टूटा परिवार
रविवार को पंकज के घर पर रिश्तेदारों, परिचितों और स्थानीय लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहा। परिजन गहरे सदमे में हैं। बताया गया कि पंकज अपने परिवार में कमाने वाले इकलौते सदस्य थे, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र के सामाजिक संगठनों में भारी रोष देखा जा रहा है। खेकड़ा युवक मंच के अध्यक्ष अनुज कौशिक, नवोदय लोक चेतना कल्याण समिति के महासचिव देवेंद्र धामा, रामलीला कमेटी के प्रधान दीपक शर्मा और नीरा आर्य फाउंडेशन के अध्यक्ष तेजपाल आर्य समेत कई गणमान्य लोगों ने पंकज के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। सभी संगठनों ने एक स्वर में इस जघन्य हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उनका कहना है कि भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन पर दिनदहाड़े हुई यह वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
पुलिस घटना में कार्रवाई को जुटी
रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स और रेलवे पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुजफफर नगर से हमलावर गिरफतार होने की खबर वायरल
सोशल मीडिया पर मुजफफर नगर रेलवे स्टेशन पर योगा एक्सप्रेस से हमलावर आठ युवकों को गिरफतार किए जाने की पोस्ट रविवार शाम को वायरल हो रही है। बताया गया कि युवकों को शाहदरा लाया जा रहा है। यहां बाकी कार्रवाई की जाएगी।
