फोनरवा ने की डीसीपी ट्रैफिक से मुलाकात

अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा और ऑटो का अनियंत्रित संचालन, बन रहा यातायात जाम का कारण

फोनरवा ने की डीसीपी ट्रैफिक से मुलाकात

नोएडा के सेक्टर 14ए स्थित यातायात पुलिस के कार्यालय पर फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के एक प्रतिनिधि मंडल ने डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्रा के साथ एक बैठक की। यह बैठक फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान फोनरवा के एक प्रतिनिधि मंडल ने शहर की बढ़ती यातायात समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान फोनरवा के एक प्रतिनिधि मंडल ने विभिन्न सेक्टरों से प्राप्त सुझावों और शिकायतों को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा।


फोनरवा के महासचिव केके जैन ने बताया कि शहर में अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा और ऑटो का अनियंत्रित संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण और प्रमुख मार्गों पर रोजाना लगने वाले जाम के कारण आम लोगों को काफी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाने, अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, ई-रिक्शा और ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड विकसित करने के अलावा स्कूलों, अस्पतालों और बाजारों के आसपास विशेष यातायात प्रबंधन लागू करने की मांग की।
शहर में बनाए जाएं बस स्टैंडःकेके जैन 
फोनरवा के महासचिव केके जैन ने बताया कि विभिन्न सेक्टरों में सड़क किनारे खड़ी होने वाली निजी बसों के चलते निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शहर के कुछ प्रमुख मार्गों पर बस स्टैंड विकसित किया जाना बेहद आवश्यक है। अभिभावक बच्चों को केवल गेट नंबर-8 तक ही छोड़ें। वहां से स्कूल के कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड बच्चों को सुरक्षित रूप से स्कूल परिसर के भीतर ले जाएं। जिससे छुट्टी के समय दोबारा गेट तक पहुंचाया जाए। इससे आवासीय गलियों में वाहनों का प्रवेश कम हो सकेगा।
आम लोगों को यातायात नियमों का करना होगा पालनःडीसीपी ट्रैफिक
डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्रा ने फोनरवा के एक प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यक और व्यावहारिक कार्रवाई की जाएगी। शहर के सभी लोगों से यातायात पुलिस अपील करती है कि वह यातायात नियमों का पालन करें। जिससे शहर को सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। इस मौके पर फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, महासचिव केके जैन, विजय भाटी, श्याम सिंह भाची, ओमवीर बंसल, अनीता, गोविंद शर्मा, सतनारायण गोयल और रामपाल भाटी समेत कई लोग मौजूद रहे।