तेज रफ्तार ट्रक ने सवारी भरी बस को मारी जोरदार टक्कर, चालक समेत आठ घायल
दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड मार्ग पर डूंडाहैड़ा के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। देहरादून से दिल्ली जा रही सवारियों से भरी बस में पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में बस चालक समेत आठ यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
तेज रफ्तार ट्रक ने सवारी भरी बस को मारी जोरदार टक्कर, चालक समेत आठ घायल
- डूंडाहैड़ा के पास आधी रात एलिवेटेड मार्ग पर हादसा, डिवाइडर से टकराई बस
- टक्कर मारकर ट्रक चालक फरार, सीसीटीवी फुटेज के सहारे तलाश में जुटी पुलिस
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड मार्ग पर डूंडाहैड़ा के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। देहरादून से दिल्ली जा रही सवारियों से भरी बस में पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में बस चालक समेत आठ यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब एक बजे हुए हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे में बस चालक सुरेंद्र निवासी ललितपुर (उत्तर प्रदेश), लीला देवी (62), कमला देवी (50) और सुमित (35) निवासी विनोद नगर, मंडावली (दिल्ली), राजकुमार (40) निवासी रोहताश नगर, शाहदरा, जाकिर (55) निवासी लालबाग, लोनी सहित अन्य यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बागपत जिला अस्पताल और दिल्ली के अस्पतालों में रेफर किया गया, जबकि कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार देकर दिल्ली रवाना कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए पुलिस ने एलिवेटेड मार्ग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। इस हादसे ने एक बार फिर एलिवेटेड मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।