गंगाजल और गुलाब के फूल से लैस होगा छठ घाट
छठ महापर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, प्रकृति, लोक संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक
तेजस न्यूज संवाददाता
पिछले कई सालों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी छठ महापर्व पूरी श्रद्धा, आस्था और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। छठ महापर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, प्रकृति, लोक संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। इसी भावना के साथ महासंघ प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी छठ पर्व का आयोजन करने जा रहा है। यह जानकारी नोएडा के सेक्टर 21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में हुई प्रेस वार्ता के दौरान प्रवासी महासंघ के अध्यक्ष आलोक वत्स ने दी।

प्रवासी महासंघ के अध्यक्ष आलोक वत्स ने बताया कि छठ घाट के चारों ओर सीढ़ीनुमा संरचना बनाई जाएगी। इससे श्रद्धालु आसानी से घाट तक पहुंच सकेंगे। सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान भीड़ के बीच अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनेगी। घाट का निर्माण 60×120 फीट के क्षेत्र में कराया जा रहा है। पूरे आयोजन स्थल की व्यवस्थाएं संभालने के लिए 100 से ज्यादा वॉलेंटियर तैनात रहेंगे। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन के माध्यम से परिसर की निगरानी की जाएगी।
सीसीटीवी कैमरों और निजी सुरक्षाकर्मियों के घेरे में रहेगा छठ घाट
प्रवासी महासंघ के अध्यक्ष आलोक वत्स ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आयोजन स्थल पर कई स्तरों पर निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। पूरे घाट परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। इसके साथ ही वॉलेंटियर्स के अलावा निजी सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती होगी। जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और पूजा के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहेंगी। पूरे परिसर की निगरानी के लिए ड्रोन का प्रयोग किया जाएगा। इसके अलावा छठ कुंड में गंगाजल के साथ ताजे गुलाब के फूल भी डलवाए जाएंगे। जिससे घाट का वातावरण और ज्यादा सुंदर और भक्तिमय बनाया जा सकेगा। इस मौके पर प्रवासी महासंघ के अध्यक्ष आलोक वत्स, कार्यकारी अध्यक्ष टीएन चौरसिया, महासचिव अवधेश राय, कोषाध्यक्ष छाया राय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, विकास तिवारी, मिथिलेश राय, विजय कुमार सिंह, मीनाक्षी साही, अभिनव पांडेय, अनुज त्रिपाठी, कमलेश तिवारी और मृत्युंजय त्रिपाठी समेत कई लोग मौजूद रहे।