सेक्टर 117 का बिजली विभाग के एसडीओ ने किया दौरा
किसी भी कीमत पर हरियाली खत्म नहीं होने दी जाएगीःकोसिंदर यादव
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 117 का बिजली विभाग के एसडीओ आयुष ने दौरा किया। इस दौरे के दौरान आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कोसिंदर यादव भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान सेक्टर के स्थानीय निवासियों ने बारात घर के सामने बिजली घर के विस्तार के नाम पर भवन निर्माण किए जाने की तैयारियों का निवासियों द्वारा विरोध किया गया। इस दौरान स्थानीय निवासियों और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एडवोकेट कोसिंदर यादव ने बताया कि कंक्रीट के इस शहर में जब आम लोग और आरडब्ल्यूए अपने प्रयासों से हरियाली विकसित करने में लगातार जुटे हुए हैं। ऐसे में किसी सरकारी विभाग द्वारा उसी विकसित हरित क्षेत्र को नष्ट करके भवन निर्माण करना समझ से परे हैं। बिजली घर का विस्तार निश्चित रूप से आवश्यक हो सकता है। लेकिन, इसके लिए ग्रीन बेल्ट को समाप्त करना ही एकमात्र विकल्प नहीं होना चाहिए। विभाग को अन्य वैकल्पि स्थानों पर भी विचार करना चाहिए। सर्दियों के दौरान प्रदूषण और एयूआई का स्तर काफी ज्यादा बढ़ जाता है। जिससे लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसी स्थिति में पेड़-पौधों और हरित क्षेत्रों का संरक्षण करना और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है। इस मौके पर अवधेश पाठक, रामेश्वर शर्मा, विकास सिंह, रविंद्र खंडेलवाल और नितिन समेत कई लोग मौजूद रहे।