सेक्टर 42 में रोजाना चलाया जा रहा कूड़ा, बढ़ रहा प्रदूषण

कूड़ा जलाने से लोगों को हो रही काफी परेशानी

सेक्टर 42 में रोजाना चलाया जा रहा कूड़ा, बढ़ रहा प्रदूषण

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा के सेक्टर 42 में रोजाना कूड़ा लगाया जा रहा है। रोजाना कूड़ा जलाए जाने के चलते आसपास की सोसायटियों में धुआं जाने से लोगों को सांस लेने में काफी ज्यादा परेशानी हो रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़े देखे तो नोएडा में प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में पहुंच गया है। नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 228 दर्ज किया गया। प्रदूषण बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रदूषण बढ़ने से सुबह और शाम के समय वायुमंडल में धुंध लगातार छा रही है। जिससे स्थानीय निवासियों के अलावा शहर के अधिकांश लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के मुताबिक, सेक्टर 42 के पास स्थित झुग्गियों में कबाड़ियों ने डेरा जमा रखा है। पिछले कई महीनों से रोजाना सुबह के समय कचरा, प्लास्टिक, रबर और कबाड़ जलाया जा रहा है। इससे सेक्टर के चारों तरफ जहरीला धुआं फैल रहा है। सेक्टर में जहरीला धुआं फैलने के चलते लोगों को सांस लेने में भी काफी ज्यादा दिक्कत हो रही है। सुबह टहलने वाले बुजुर्गों, स्कूल जाने वाले बच्चों और दमा के मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।

एनजीटी के नियमों का हो रहा उल्लंघनःबीसी प्रधान

स्थानीय निवासी और किसान नेता बीसी प्रधान ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण से मांग है कि जल्द से जल्द निरीक्षण कर खुले में कचरा जलाने पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए। दोषियों के खिलाफ एनजीटी के नियमानुसार जुर्माना और सख्त कार्रवाई की जाए। जिससे दोबारा ऐसी घटना नहीं हो सके। शहर में नियमित कचरा उठाने, सफाई और गश्त की व्यवस्था की जाए। यहां से अवैध झुग्गियों को हटाकर स्थायी समाधान किया जाए। जिससे एनजीटी के नियमों का उल्लंघन नहीं हो सके।