कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने की उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से मुलाकात

गठबंधन को लेकर चल रही बैठक के बीच कार्यकर्ताओं की मुलाकात

कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने की उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से मुलाकात

तेजस न्यूज संवाददाता

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों को लेकर नोएडा विधान सभा सीट पर भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इस रणनीति को पुख्ता करने के उद्देश्य से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से मुलाकात की। यह मुलाकात महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश यादव के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस मुलाकात के दौरान संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी विधान सभा चुनावों की रणनीति पर विस्तार के साथ चर्चा की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को आगामी विधान सभा चुनावों की तैयारियों में अभी से जुटने के दिशा-निर्देश जारी किए।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि पार्टी की मजबूती के लिए स्थानीय स्तर पर संगठन का विस्तार किया जाएगा। आम लोगों के बीच कांग्रेस की पकड़ को मजबूत बनाया जाएगा। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी चुनावों के दौरान एकजुट होकर काम करेंगे। आगामी विधान सभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों को भी निभाया जाएगा। यदि गठबंधन की स्थिति में नोएडा विधान सभा सीट कांग्रेस के खाते में आती है तो पार्टी संगठन से जुड़े किसी मजबूत दावेदार को प्रत्याशी बनाया जाएगा। वहीं, महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के साथ हुई बैठक में साफ संकेत प्राप्त हो चुका है कि चुनावी तैयारी केवल टिकट मिलने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बल्कि, संगठन को मजबूत बनाने का काम भी लगातार जारी रहना चाहिए। कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ काम करना होगा। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव, प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम नागर, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव लियाकत चौधरी, प्रदेश सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर पवन शर्मा, हापुड़ कोऑर्डिनेटर सतेंद्र शर्मा, पीसीसी सदस्य यतेंद्र शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष रामकुमार तंवर, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता फिरे सिंह नागर, राहुल पांडेय और शिवानी पवार समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।