यशोदा मेडिसिटी के सहयोग से एमएमजी अस्पताल के आईसीयू संचालन को मिलेगी रफ्तार

यशोदा मेडिसिटी के सहयोग से एमएमजी अस्पताल के आईसीयू संचालन को मिलेगी रफ्तार

तेजस न्यूज संवाददाता

यशोदा मेडिसिटी के सहयोग से एमएमजी अस्पताल के आईसीयू संचालन को मिलेगी रफ्तार

ऑनलाइन वीडियो कंसलटेंसी प्रणाली का सफल ट्रायल, मरीजों को मिलेगा विशेषज्ञों का परामर्श

गाजियाबाद। जिला एमएमजी अस्पताल में आईसीयू संचालन को बेहतर बनाने की दिशा में कदम तेज हो गए हैं। अब गंभीर मरीजों का इलाज यशोदा मेडिसिटी, इंदिरापुरम के विशेषज्ञ डॉक्टरों की ऑनलाइन वीडियो कंसलटेंसी से किया जाएगा। इस तकनीक का ट्रायल  सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

अस्पताल के सीएमएस डॉ. राकेश कुमार सिंह और यशोदा मेडिसिटी के विशेषज्ञ डॉक्टरों के बीच ऑनलाइन वीडियो के माध्यम से सीधा संवाद हुआ। विशेषज्ञों ने आईसीयू में भर्ती मरीजों की रिपोर्ट्स देखने के बाद उपचार संबंधी सलाह दी। इससे पहले 13 अक्टूबर को यशोदा मेडिसिटी की तीन सदस्यीय टीम ने एमएमजी अस्पताल के आईसीयू का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा संसाधनों का आकलन किया था।

एमएमजी अस्पताल में फिलहाल पांच बेड का आईसीयू संचालित है, जिसे अब डिजिटल प्रणाली से जोड़ा गया है। इस व्यवस्था के तहत एक सेंट्रल मॉनिटरिंग रूम बनाया गया है, जहां 24 घंटे इंटरनेट और तकनीकी सहायता उपलब्ध रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ तुरंत आपस में जुड़ सकेंगे और मरीजों की स्थिति पर निगरानी रख सकेंगे।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यशोदा मेडिसिटी में अत्याधुनिक उपकरण और अनुभवी विशेषज्ञ उपलब्ध हैं। इस सहयोग से गंभीर मरीजों को बेहतर और सुरक्षित इलाज मिल सकेगा। यदि यह प्रणाली प्रभावी रही, तो भविष्य में आईसीयू बेडों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है।

एमएमजी अस्पताल में दिसंबर 2024 में आईसीयू शुरू हुआ था, लेकिन वेंटिलेटर बेड एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की कमी के कारण इसकी पूरी क्षमता से उपयोग नहीं हो पा रहा था। यशोदा मेडिसिटी के सहयोग से यह कमी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।