वेतन मांगने पर चोरी के झूठे आरोप लगाने का आरोप, शिक्षक ने कोतवाली में दी तहरीर

काठा स्थित एक निजी विद्यालय में कार्यरत रहे शिक्षक ने स्कूल प्रबंधन पर वेतन न देने तथा बाद में चोरी के झूठे आरोप लगाकर मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को पीड़ित शिक्षक के समर्थन में कई शिक्षक और सामाजिक लोग तहसील परिसर में एकत्र हुए तथा वहां से हाथों में तख्तियां लेकर मवीकलां पुलिस चौकी तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद कोतवाली प्रभारी बागपत के नाम संबोधित तहरीर पुलिस को सौंपकर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की गई।

वेतन मांगने पर चोरी के झूठे आरोप लगाने का आरोप, शिक्षक ने कोतवाली में दी तहरीर

वेतन मांगने पर चोरी के झूठे आरोप लगाने का आरोप, शिक्षक ने कोतवाली में दी तहरीर
- स्कूल प्रबंध तंत्र के खिलाफ पैदल मार्च निकालकर उठाई आवाज, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
काठा स्थित एक निजी विद्यालय में कार्यरत रहे शिक्षक ने स्कूल प्रबंधन पर वेतन न देने तथा बाद में चोरी के झूठे आरोप लगाकर मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को पीड़ित शिक्षक के समर्थन में कई शिक्षक और सामाजिक लोग तहसील परिसर में एकत्र हुए तथा वहां से हाथों में तख्तियां लेकर मवीकलां पुलिस चौकी तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद कोतवाली प्रभारी बागपत के नाम संबोधित तहरीर पुलिस को सौंपकर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की गई।
पीड़ित शिक्षक विजय बंसल का आरोप है कि वह काठा स्थित एक निजी विद्यालय में पीजीटी फिजिक्स के पद पर कार्यरत थे। विद्यालय प्रबंधन ने उनका करीब दो लाख रुपये वेतन रोक रखा है। उनका दावा है कि इसी प्रकार कई अन्य शिक्षकों का भी वेतन बकाया है। वेतन भुगतान को लेकर उन्होंने कई बार विद्यालय प्रबंधन को ईमेल और अन्य माध्यमों से अवगत कराया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय समेत संबंधित विभागों में भी शिकायत दर्ज कराई। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि शिकायतों के चलते जब विद्यालय प्रबंधन पर प्रशासनिक कार्रवाई का दबाव बढ़ा तो उन्हें परेशान करने और दबाव बनाने के उद्देश्य से पेन ड्राइव और महत्वपूर्ण फाइलें चोरी करने का झूठा आरोप लगा दिया गया। शिक्षक का कहना है कि यदि वास्तव में चोरी हुई होती तो विद्यालय प्रबंधन तत्काल पुलिस में शिकायत करता, जबकि आरोप काफी समय बाद लगाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। यदि चोरी की कोई घटना हुई है तो संबंधित तिथि और समय की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई जानी चाहिए, जिससे सच्चाई सामने आ सके। शिक्षक ने आशंका जताई है कि भविष्य में उनकी छवि धूमिल करने के लिए उन पर अन्य झूठे आरोप भी लगाए जा सकते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यालय के कुछ पदाधिकारियों और कर्मचारियों से अपनी जान-माल को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।