यदि बहन बेटी को छेड़ा तो पीटकर भेजूंगा जेल : थानाध्यक्ष
तेजेश चौहान तेजस
महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं : थानाध्यक्ष हमबीर सिंह जादौन
कुंदरकी (मुरादाबाद)। कुंदरकी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना अध्यक्ष हमबीर सिंह जादौन ने क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के साथ एक बैठक आयोजित की।

बैठक के दौरान थानाध्यक्ष हमबीर सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में किसी भी बहन-बेटी के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या उत्पीड़न की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी ऐसी कोई घटना सामने आती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके। थाना अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए लगातार निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में उपस्थित लोगों ने थाना अध्यक्ष की इस सख्त चेतावनी और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। क्षेत्रवासियों का कहना था कि पुलिस का यह रुख समाज में सुरक्षा की भावना को मजबूत करेगा तथा असामाजिक तत्वों में भय पैदा करेगा।
बैठक के अंत में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा क्षेत्र को सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया।