विजयनगर को मिली गंगाजल की सौगात, 10 वार्डों में अपूर्ती शुरू हुई

नगर निगम द्वारा 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से लगभग 16 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई गंगाजल आपूर्ति योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। महापौर सुनीता दयाल ने पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर योजना की शुरुआत की।

विजयनगर को मिली गंगाजल की सौगात, 10 वार्डों में अपूर्ती शुरू हुई

तेजस न्यूज संवाददाता 

16.20 करोड़ रुपये की योजना का महापौर, विधायक और नगर आयुक्त ने किया शुभारंभ, क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी

गाजियाबाद। लंबे समय से स्वच्छ पेयजल और जल संकट की समस्या से जूझ रहे विजयनगर क्षेत्र के लोगों को सोमवार को बड़ी राहत मिली। नगर निगम द्वारा 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से लगभग 16 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई गंगाजल आपूर्ति योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। महापौर सुनीता दयाल ने पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर शहर विधायक संजीव शर्मा, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, पार्षदगण और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय निवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि विजयनगर में गंगाजल आपूर्ति शुरू होना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे हजारों परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विजयनगर में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और गंगाजल आपूर्ति योजना उसी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए क्षेत्र के पार्षदों की मेहनत की सराहना की तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नोएडा और खोड़ा से पहले विजयनगर में इस योजना का शुरू होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से 16.20 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा विजयनगर क्षेत्र में अन्य विकास योजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

महाप्रबंधक (जल) कामाख्या प्रसाद आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि गंगाजल आपूर्ति की शुरुआत वार्ड संख्या 3 ओल्ड विजयनगर, वार्ड संख्या 4 सेक्टर-12 माता कॉलोनी, वार्ड संख्या 14 न्यू विजयनगर, वार्ड संख्या 15 चरण सिंह कॉलोनी, वार्ड संख्या 25 अंबेडकर नगर, वार्ड संख्या 26 माधोपुर सुंदरपुरी, वार्ड संख्या 48 मिर्जापुर, वार्ड संख्या 51 प्रताप विहार सेक्टर-11, वार्ड संख्या 55 विजयनगर सेक्टर-11 ए ब्लॉक तथा वार्ड संख्या 58 शिवपुरी क्षेत्र में की गई है।

कार्यक्रम के अंत में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। गंगाजल आपूर्ति शुरू होने पर पार्षदों और क्षेत्रीय निवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए गाजियाबाद नगर निगम की पूरी टीम का धन्यवाद किया। लोगों का कहना है कि इस योजना के शुरू होने से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।