सीएम योगी के आगमन को लेकर तैयारियां तेज, डीएम-सीपी ने किया निरीक्षण
सेक्टर 96 और यमुना सिटी क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह समेत प्रशासनिक अधकिारियों की टीम ने नोएडा के सेक्टर 96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक भवन और यमुना सिटी क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, मंच व्यवस्था, जनसभा स्थल और हेलीपैड समेत कई बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश जारी किए। कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और आमजन की सुविधा से जुड़े सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। वहीं, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को संवेदनशील बिंदुओं की पहचान कर सुरक्षा योजना तैयार करने के निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम शनिवार को प्रस्तावित है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना लागू की जाएगी।