फोनरवा ने की जिलाधिकारी से मुलाकात
आरडब्ल्यूए से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की
सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएसन (फोनरवा) के एक प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी मेधा रूपम से मुलाकात की। यह मुलाकात फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस मुलाकात के दौरान आरडब्ल्यूए से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस चर्चा के दौरान विभिन्न सेक्टरों से प्राप्त सुझावों और शिकायतों का एक विस्तार से ज्ञापन सौंपा गया।

फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने बताया कि आरडब्ल्यूए का सामाजिक कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण होता है। आरडब्ल्यूए को क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय-समय पर नियमानुसार आवश्यक फैसले लेने पड़ते हैं। कई बार कुछ लोग बिना पर्याप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आरडब्ल्यूए के खिलाफ डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय में शिकायत दर्ज करा देते हैं। ऐसी शिकायतों पर यदि शुरूआती जांच किए बिना कार्रवाई की जाती है तो आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का बेहद कीमती समय अनावश्यक प्रक्रियाओं में व्यतीत होता रहता है। यदि किसी आरडब्ल्यूए द्वारा वास्तव में कोई अनियमितता की जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई अवश्य होनी चाहिए। मौजूदा समय में डिप्टी रजिस्ट्रार सप्ताह में केवल तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सूरजपुर कार्यालय में बैठते हैं। संस्थाओं की मूल फाइलें और अभिलेख गाजियाबाद स्थित मुख्य कार्यालय में होने के कारण मामलों के निस्तारण और निर्णय लेने में अनावश्यक विलंब होता है। इसके अलावा सूरजपुर कार्यालय में स्थान की भी सीमित व्यवस्था है।
सोसायटी में बन रही ईवी चार्जिंग की समस्याःकेके जैन
फोनरवा के महासचिव केके जैन ने बताया कि बहुमंजिला आवासीय सोसायटी में रहने वाले निवासियों के लिए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग की लंबे समय से लंबित समस्या को प्रमुखता के साथ उठाया गया। अभी तक ईवी चार्जिंग की सुविधा और उपयोग के संबंध में कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश और मानक प्रक्रिया उपलब्ध नहीं है। जिसके कारण निवासी अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। वहीं, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आश्वासन दिया कि फोनरवा द्वारा सभी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। इस मौके पर फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, महासचिव केके जैन, विजय भाटी, उमाशंकर, पवन यादव, संजय चौहान और भूषण शर्मा समेत कई फोनरवा पदाधिकारी मौजूद रहे।