बस्ती में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक, उपभोक्ता सेवा और राजस्व बढ़ाने पर जोर
बस्ती में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने एवं उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने तथा विभागीय राजस्व में वृद्धि को लेकर बस्ती के सर्किट हाउस में मंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत विभाग के एमडी ने बस्ती मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से आए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की और जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
तेजस न्यूज संवाददाता
बस्ती में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक, उपभोक्ता सेवा और राजस्व बढ़ाने पर जोर
एमडी ने मंडल के विद्युत अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ की बैठक कर समस्याओं के समाधान और कार्यप्रणाली में सुधार पर हुई चर्चा
बस्ती। विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने एवं उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने तथा विभागीय राजस्व में वृद्धि को लेकर बस्ती के सर्किट हाउस में मंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PuVVNL) के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) संदीप कुमार ने बस्ती मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से आए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की और जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में मुख्य रूप से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के साथ साथ उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं कर्मचारियों के कार्यों की निगरानी और राजस्व वसूली में सुधार तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के विषय पर मंथन किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों से यह भी जानकारी ली गई कि वर्तमान में विभागीय कार्यों के दौरान उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और उनके समाधान के लिए किस स्तर पर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विद्युत विभाग का सीधा संबंध आम जनता से है। ऐसे में लाइनमैन से लेकर अन्य सभी कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द समाधान सुनिश्चित करें। उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी व्यवस्था बनाने पर भी चर्चा हुई।

उपभोक्ता सेवा में सुधार पर विशेष जोर
बैठक में उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं गोरखपुर प्रभारी मंत्री महेश शुक्ला भी मौजूद रहे। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उपभोक्ता सेवा कार्यप्रणाली और विभागीय समस्याओं को लेकर संवाद किया। महेश शुक्ला ने विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और अब तक किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभाग की सेवाओं को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की जरूरत है, ताकि आम उपभोक्ता को बिजली से संबंधित किसी भी समस्या के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

उन्होंने विशेष रूप से लाइनमैन, विभागीय कर्मचारियों तथा विजिलेंस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उपभोक्ताओं के साथ उचित व्यवहार करने और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने पर जोर दिया।
कर्मचारियों को जिम्मेदारी समझाने पर जोर
महेश शुक्ला ने कहा कि यदि कोई लाइनमैन या कर्मचारी अपने दायित्व का निर्वहन ठीक ढंग से नहीं कर रहा है तो केवल उसे हटाना ही समाधान नहीं है। ऐसे कर्मचारी को उसकी जिम्मेदारी और कर्तव्यों को ठीक से समझाया जाना चाहिए तथा उससे निर्धारित जिम्मेदारी के अनुरूप कार्य कराया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जवाब देह बनाना जरूरी है। विभागीय व्यवस्था तभी मजबूत होगी जब अधिकारी और कर्मचारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता के साथ निभाएंगे।
राजस्व बढ़ाने पर भी हुआ मंथन
बैठक में विद्युत विभाग के राजस्व को बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा गया कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ विभागीय राजस्व में वृद्धि के लिए भी प्रभावी प्रयास किए जाएं। इसके लिए बकाया राजस्व की वसूली, उपभोक्ता समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण और विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता पर जोर दिया गया।बैठक में यह भी संदेश दिया गया कि बेहतर विद्युत सेवा और उपभोक्ताओं का विभाग पर भरोसा बढ़ाना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों से लेकर फील्ड में तैनात कर्मचारियों तक सभी को अपनी जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाने की आवश्यकता है।

बस्ती सर्किट हाउस में हुई इस बैठक को मंडल में विद्युत व्यवस्था को और अधिक उपभोक्ता केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के रूप में देखा गया।