भक्ति और संयम का संदेश- बड़ागांव में वर्षायोग कलश स्थापना समारोह श्रद्धा के साथ संपन्न
बड़ागांव स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन साधुवर्ती आश्रम में सोमवार को परम पूज्य आर्यिका दर्शनमति माताजी के वर्षायोग कलश स्थापना समारोह का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।
भक्ति और संयम का संदेश- बड़ागांव में वर्षायोग कलश स्थापना समारोह श्रद्धा के साथ संपन्न
- आर्यिका दर्शनमति माताजी ने धर्म ध्यान का दिया संदेश, दूर दूर से पहुंचे श्रद्धालु
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
बड़ागांव स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन साधुवर्ती आश्रम में सोमवार को परम पूज्य आर्यिका दर्शनमति माताजी के वर्षायोग कलश स्थापना समारोह का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ णमोकार मंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भक्ति रस से ओत-प्रोत धार्मिक भजनों का आनंद लिया। पूरे आश्रम में आध्यात्मिक वातावरण छाया रहा। इस अवसर पर आर्यिका दर्शनमति माताजी, सृष्टि भूषण माताजी और चंद्रमती माताजी ने वर्षायोग का महत्व बताते हुए कहा कि यह काल आत्मचिंतन, तप, संयम और धर्म साधना का सर्वाेत्तम अवसर है। उन्होंने श्रद्धालुओं से संयमित जीवन अपनाकर धर्म ध्यान में अधिक समय लगाने का आह्वान किया। समारोह के दौरान श्रद्धापूर्वक वस्त्र भेंट की परंपरा भी निभाई गई। कमला जैन ने चंद्रमती माताजी, सत्यवती जैन ने सृष्टि भूषण माताजी और वंदना जैन ने दर्शनमति माताजी को वस्त्र अर्पित किए। वहीं मुख्य मंगल कलश की स्थापना का सौभाग्य अनिल जैन मीना जैन अमेरिका वालो को प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में दूर दूर से आए श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता बढ़ा दी। चंद्रांचल आश्रम की छात्राओं ने अपनी धार्मिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। समारोह को सफल बनाने में संजीव जैन मंत्री ने प्रमुख भूमिका निभाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनेश्वर दयाल जैन ने की, जबकि नरेंद्र जैन ने प्रभावी मंच संचालन किया। श्रद्धालुओं ने आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक जागरण का प्रेरणादायी उत्सव बताया।