हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय, सावन के पहले सोमवार उमड़ा आस्था का सैलाब
सावन के प्रथम सोमवार पर खेकड़ा नगर पूरी तरह शिवमय हो उठा। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय, सावन के पहले सोमवार उमड़ा आस्था का सैलाब
- भोर से देर शाम तक जलाभिषेक के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतारें, मंदिरों में भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
सावन के प्रथम सोमवार पर खेकड़ा नगर पूरी तरह शिवमय हो उठा। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
नगर के बाबा काले सिंह मंदिर, रेलवे रोड स्थित सदाशिव मंदिर, यादव चौक के बालाजी मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और फल अर्पित कर भगवान आशुतोष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहीं भूमिया मंदिर, संत रविदास मंदिर और गौशाला स्थित शनिदेव मंदिर में महिलाओं ने दिनभर भजन-कीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। शिव भजनों और घंटों-घड़ियालों की मधुर ध्वनि से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं का कहना था कि सावन का पहला सोमवार भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त करने का अवसर होता है। इसलिए बड़ी संख्या में लोगों ने व्रत रखकर जलाभिषेक किया और परिवार की खुशहाली, सुख-शांति तथा समृद्धि की मंगलकामना की। पूरे दिन मंदिरों में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।