राष्ट्रीय कृमि निवारण दिवस को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिया प्रशिक्षण

खेकड़ा राष्ट्रीय कृमि निवारण दिवस 14 अगस्त के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार कार्यालय में आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) टीम द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से खिलाने, दवा के लाभ तथा अभियान की रिपोर्टिंग प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय कृमि निवारण दिवस को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिया प्रशिक्षण

राष्ट्रीय कृमि निवारण दिवस को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिया प्रशिक्षण
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
राष्ट्रीय कृमि निवारण दिवस 14 अगस्त के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार कार्यालय में आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) टीम द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से खिलाने, दवा के लाभ तथा अभियान की रिपोर्टिंग प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. दीप्ति चौधरी, मुमताज अख्तर रिजवी, बबीता राणा एवं डॉ. दीपक ने बताया कि पेट में कृमि होने से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। समय-समय पर एल्बेंडाजोल का सेवन कराने से बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाया जा सकता है, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर रहता है और पोषण स्तर में भी सुधार होता है। आरबीएसके टीम ने कार्यकत्रियों को अभियान के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, दवा वितरण की विधि और प्रत्येक लाभार्थी का सही रिकॉर्ड तैयार करने की जानकारी दी। साथ ही राष्ट्रीय कृमि निवारण दिवस के लिए एल्बेंडाजोल टैबलेट एवं रिपोर्टिंग फॉर्मेट भी वितरित किए गए, ताकि अभियान को प्रभावी एवं शत-प्रतिशत लक्ष्य के साथ सफल बनाया जा सके। प्रशिक्षकों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचकर उन्हें कृमिनाशक दवा का सेवन सुनिश्चित कराएं और अभिभावकों को भी इसके महत्व के प्रति जागरूक करें। अभियान की सफलता के लिए सभी से समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आग्रह किया गया।