कांवड़ मेले की सभी तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ ने कहा कि जनपद में कांवड़ मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है।
तेजस न्यूज संवाददाता
कांवड़ मेले की सभी तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम रविंद्र मांदड़
गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ ने कहा कि जनपद में कांवड़ मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ मार्गों को गड्ढा मुक्त कराया गया है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, सड़क प्रकाश और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। पूरे कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी के लिए आधुनिक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है
उन्होंने बताया कि गंग नहर घाटों पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ, पीएसी तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
डीएम ने कहा कि प्रशासन ने श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का भी विशेष ध्यान रखा है। यदि यात्रा के दौरान किसी शिवभक्त की कांवड़ खंडित हो जाती है, तो उसे जलाभिषेक में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए सभी प्रमुख पुलिस चौकियों पर गंगाजल की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालु गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन, पुलिस और सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं तथा कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।