जिलाधिकारी ने की शिक्षण संस्थानों और होटल संचालकों के साथ की बैठक
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर की बैठक
तेजस न्यूज संवाददाता
ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में जिला प्रशासन ने होटल और शिक्षण संस्थानों के साथ एक बैठक का आयोजन किया। यह बैठक जिलाधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान शिक्षण संस्थानों और होटल संचालकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर से आने वाले अतिथियों को बेहतर सुविधाएं देने के दिशा-निर्देश भी जिलाधिकारी मेधा रूपम द्वारा जारी किया गया।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, शैक्षणिक, उद्यमिता, नवाचार और प्रतिभा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में गौतमबुद्ध नगर के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों की इसमें सक्रिय सहभागिता काफी महत्वपूर्ण है। वह अपने संस्थानों के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो से ज्यादा से ज्यादा जोड़ सके। युवा वर्ग प्रदेश की नई सोच, नवाचार और प्रतिभाग का प्रतिनिधित्व करता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को जोड़ने से उन्हें उद्योग जगत की कार्यप्रणाली, नवीन तकनीकों, उद्यमिता के अवसरों और वैश्विक व्यापार की बदलती आवश्यकताओं को समझने का अवसर प्राप्त होगा। शिक्षण संस्थान अपने शैक्षणिक, शोध, नवाचार, स्टार्टअप और रचनात्मक कार्यों से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने की दिशा में कार्य करें। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी भू./अ. अरूण कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार और ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट के सीईओ सुदीप सरकार समेत कई लोग मौजूद रहे।