दहेज उत्पीड़न का विरोध करने पर विवाहिता को मानसिक अस्पताल में कराया भर्ती
फखरपुर गांव की एक विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज के लिए उत्पीड़न, मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाहिता का आरोप है कि पति के अन्य महिलाओं से संबंधों का विरोध करने पर उसे पागल घोषित करने की साजिश रची गई और धोखे से दिल्ली के मानसिक रोग अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। इतना ही नहीं, दोबारा विवाद होने पर गला दबाकर हत्या करने का प्रयास और तमंचा कान पर रखकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दहेज उत्पीड़न का विरोध करने पर विवाहिता को मानसिक अस्पताल में कराया भर्ती
- अवैध संबंधों का विरोध करने पर पागल घोषित करने की साजिश का आरोप, गला दबाकर हत्या के प्रयास का भी मुकदमा
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
फखरपुर गांव की एक विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज के लिए उत्पीड़न, मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाहिता का आरोप है कि पति के अन्य महिलाओं से संबंधों का विरोध करने पर उसे पागल घोषित करने की साजिश रची गई और धोखे से दिल्ली के मानसिक रोग अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। इतना ही नहीं, दोबारा विवाद होने पर गला दबाकर हत्या करने का प्रयास और तमंचा कान पर रखकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता के अनुसार उसका विवाह वर्ष 2021 में फखरपुर गांव निवासी युवक से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर और देवर अतिरिक्त दहेज के लिए उसका उत्पीड़न करने लगे। मायके पक्ष द्वारा करीब 15 लाख रुपये देने के बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। विवाहिता का आरोप है कि पति के अन्य महिलाओं से संबंधों का विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया गया और दासी बनकर रहने अथवा तलाक देने की धमकी दी गई। पीड़िता का आरोप है कि 17 अगस्त की रात उसे धोखे से एंबुलेंस में बैठाकर दिल्ली के एक मानसिक रोग अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। वहां उसे 22 अगस्त तक रखा गया और उसका मोबाइल फोन भी खराब कर दिया गया, जिससे वह परिजनों से संपर्क नहीं कर सकी। विवाहिता ने दो अक्टूबर की घटना में भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका आरोप है कि पति ने अमानवीय दबाव बनाया, देवर ने छेड़छाड़ व अभद्रता की और सास-ससुर की शह पर उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। पति पर तमंचा कान पर रखकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।