सीएमओ कार्यालय पर बजरंग दल का विरोध प्रदर्शन
पुष्पा देवी मृत्यु मामले में सीएमओ ने दिया जांच का आदेश
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 39 स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने एक विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन बजरंग दल के जिला संयोजक विनोद चौहान के नेतृत्व में आयोजित किया गया। यह विरोध प्रदर्शन के दौरान स्वर्गीय पुष्पा देवी की मृत्यु के मामले में न्याय की मांग को लेकर बजरंग दल द्वारा किया गया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट नजर आए। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मदन मोहन त्रिपाठी द्वारा आनन-फानन में इस मामले की कार्रवाई करने का आश्वासन भी बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को दिया गया।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के अलावा करणी सेना से जुड़े प्रदर्शनकारियों ने रामा अस्पताल और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। बजरंग दल के जिला संयोजक विनोद चौहान ने आरोप लगाया कि पुष्पा देवी की उपचार के दौरान हुई मृत्यु के मामले में चिकित्सकीय लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
विभागीय अधिकारियों को दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
एसीपी-1 प्रवीन कुमार और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मदन मोहन मणि त्रिपाठी बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद द्वारा चल रहे धरना स्थल पर पहुंचे। धरना स्थल पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं की मांगों को पूरी गंभीरता के साथ सुना। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश भी जारी किए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों के भीर रामा अस्पताल के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जांच में चिकित्सकों की जिम्मेदारी सामने आने पर उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज किया जाएगा। संबंधित चिकित्सकों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन के संबंध में भी जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वर्गीय को न्याय दिलाने के उद्देश्य से किया प्रदर्शन
बजरंग दल के जिला संयोजक विनोद चौहान ने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति, संस्था और अस्पताल को बदनाम करने के उद्देश्य से नहीं किया गया है। बल्कि, स्वर्गीय पुष्पा देवी को न्याय दिलाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के लिए किया गया था। मामले में किसी भी प्रकार का दबाव और पक्षपात किए बिना दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने की भी मांग की गई। निर्धारित समय-सीमा के भीतर अगर कार्रवाई नहीं की जाती है तो इस मामले में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। वह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की अपनी लड़ाई आगे भी जारी रखेंगे। इस मौके पर नोएडा महानगर अध्यक्ष अनिल चतुर्वेदी, मंत्री दिनेश महावर, सह संयोजक विनोद सिंह, नितेश शर्मा और प्रवीण राठौर समेत कई लोग मौजूद रहे।