युवा शक्ति घाट पर हुआ देव दीपावली का आयोजन
घाट पर चारों तरफ दीपों से जगमगाया यमुना तट
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 94 स्थित युवा शक्ति घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर देव दीपावली 2.0- यमुना दीपोत्सव और भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वाईएसएस फाउंडेशन के संस्थापक और निदेशक सचिन गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों दीपों की रोशनी से यमुना तट जगमगा उठा। दीपदान, सामूहिक प्रार्थना और मां यमुना की भव्य महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम के दौरान धार्मिक आस्था के अलावा भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मां यमुना के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ ही नदियों के संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति नागरिकों को जागरूक करना रहा।

वाईएएस फाउंडेशन के संस्थापक और निदेशक सचिन गुप्ता ने बताया कि देव दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं है। बल्कि, यह भारतीय सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। मां यमुना हमारी आस्था के साथ-साथ जीवन का भी आधार है। ऐसे में उनकी स्वच्छता और संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक को समझनी होगी। वाईएसएस फाउंडेशन का लगातार प्रयास है कि सामाजिक संस्थाएं, युवा, नागरिक और विभिन्न संगठन एक मंच पर आकर समाजहित और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से काम करें। नदी में कचरा और पूजन सामग्री नहीं डालने के साथ जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का भी संदेश दिया गया।

इस मौके पर वाईएसएस फाउंडेशन के संरक्षक एनके अग्रवाल, वरिष्ठ सलाहकार अनुज अग्रवाल, भारत विकास परिषद, नोएडा के अध्यक्ष संजय गुप्ता, एक्टिव एनजीओ ग्रुप के एडमिन अशोक श्रीवास्तव और नोवरा अध्यक्ष रंजन तोमर के अलावा भारत विकास परिषद, एनईए, स्माइल इंडिया ट्रस्ट, लायंस क्लब दिल्ली वेग, श्री शक्ति एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी, गौरी शिक्षा फाउंडेशन, बालाजी जन सेवा कल्याण ट्रस्ट और एक्टिव एनजीओ ग्रुप समेत कई लोग मौजूद रहे।