भरत तिवारी की मौत पर ब्राह्मण समाज महासंघ ने की बैठक
ब्राह्मण समाज महासंघ के कार्यकर्ताओं ने बिहार के भोजपुर निवासी स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत का विरोध किया।
विनय जोशी नोएडा
नोएडा के सेक्टर 71 स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट में ब्राह्मण समाज महासंघ के पदाधिकारियों ने एक बैठक का आयोजन किया। यह बैठक ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान ब्राह्मण समाज महासंघ के कार्यकर्ताओं ने बिहार के भोजपुर निवासी स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत का विरोध किया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान ब्राह्मण समाज महासंघ के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। वहीं, ब्राह्मण समाज महासंघ के पदाधिकारियों ने स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी की आत्मा की शांति के लिए कैंडिल मार्च भी निकाला।
ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने बताया कि भरत भूषण तिवारी की पुलिस द्वारा निर्मम हत्या की गई है। यह काफी ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और जघन्य अपराध है। आए दिन पुलिस द्वारा निर्दोष लोगों की हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस की ऐसी कार्रवाई कानून पर हमला है और न्यायालयों की व्यवस्था का भी अपमान है। स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी की मौत की निष्पक्ष जांच उच्चतम न्यायालय के किसीी अवकाश प्राप्त न्यायाधीश से की जानी चाहिए। भरत भूषण तिवारी को शहीद का दर्जा भी दिया जाना चाहिए। इस मौके पर ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा, जिलाध्यक्ष दिनेश मिश्रा, अक्षय द्विवेदी, मनीष पांडेय, संजय मिश्रा, राजेश पाण्डेय और शशिपाल शर्मा समेत कई ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे।