मवीकलां हाईवे पर दर्दनाक हादसा, दिल्ली पुलिस के होमगार्ड की मौके पर मौत
खेकड़ा क्षेत्र के मवीकलां गांव के पास हाईवे पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दिल्ली पुलिस के एक होमगार्ड जवान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
मवीकलां हाईवे पर दर्दनाक हादसा, दिल्ली पुलिस के होमगार्ड की मौके पर मौत
- तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, चालक फरार; गांव में पसरा मातम
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
खेकड़ा क्षेत्र के मवीकलां गांव के पास हाईवे पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दिल्ली पुलिस के एक होमगार्ड जवान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान सुनहैड़ा गांव निवासी प्रदीप पुत्र करतार सिंह के रूप में हुई है। वह दिल्ली पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात थे और वर्तमान में गोकुलपुरी थाने में सेवाएं दे रहे थे। बताया गया है कि गुरुवार देर रात प्रदीप अपनी बाइक से किसी जरूरी काम से जा रहे थे। जैसे ही वह मवीकलां गांव के पास हाईवे पर पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि प्रदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। मवीकलां चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि ट्रक चालक फरार है और उसकी तलाश के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही मृतक प्रदीप के परिजनों में मातम छा गया। गांव सुनहैड़ा में भी इस दर्दनाक हादसे से लोग स्तब्ध हैं।