जिला अस्पताल को अब जल्द मिलेगी निर्बाध ऊर्जा
सोलर प्लांट से प्रत्येक माह जिला अस्पताल को होगी लाखों रुपये की बचत
नोएडा के सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल परिसर में स्थापित 205 किलोवाट क्षमता वाले सोलर प्लांट का उद्घाटन सीएमएस डॉक्टर अशोक कुमार झा ने हवन पूजन के साथ किया। सोलर प्लांट के शुरू होने से जिला अस्पताल को निर्बाध सौर ऊर्जा उपलब्ध होगी। जिससे बिजली और जेनरेटर पर निर्भरता लगभग समाप्त हो जाएगी। वहीं, इससे अस्पताल को प्रतिमाह लाखों रुपयों की बजत होगी।

सोलर ऊर्जा की आपूर्ति से अस्पताल में संचालित महत्वपूर्ण इकाइयां सीटी स्कैन, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, डायलिसिस यूनिट, ओटी, आईसीसीयू और वेंटिलेटर समेत सभी वार्ड बिना रुकावट चल सकेंगी। इससे अस्पताल को प्रतिमाह लाखों रुपये से अधिक की बचत होने का अनुमान लगाया गया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर अशोक कुमार झा ने बताया कि चिकित्सालय परिसर में 205 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सोलर पावर प्लांट की स्थापना कार्य का शुभारंभ किया गया। यह परियोजना यूपीएनईडीए के रिन्यूएबल एनर्जी सर्विस कंपनी मॉडल के तहत ओएमसी पावर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित की जाएगी। सोलर प्लांट की स्थापना का कार्य लगभग दो माह में पूरा होने की संभावना है। सोलर प्लांट के स्थापित होने के बाद रोजाना लगभग 700 यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। जिससे चिकित्सालय की विद्युत आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।