16 जुलाई को निकलेगी 17वीं श्री जगन्नाथ रथ यात्राःप्रमोद
दोपहर 3.30 बजे से शुरू होंगी यात्रा
श्री जगन्नाथ रथ यात्रा की शुरूआत देव स्नान पूर्णिमा के साथ हो जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई को नेत्रोत्सव और नवयौवन दर्शन, 16 जुलाई को रथ यात्रा दोपहर 3.30 बजे श्री जगन्नाथ मंदिर सेक्टर 121 से शुरू होकर बाबा बालक नाथ मंदिर सेक्टर 71 तक पहुंचेगी। 24 जुलाई को बहुदा यात्रा, 25 जुलाई को सुना वेश और 27 जुलाई को नीलाद्रि बीजे का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम वैदिक परंपराओं और धार्मिक विधि-विधान के तहत किया जाएगा। यह जानकारी नोएडा के सेक्टर 121 स्थित श्री रत्न क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर में समिति के अध्यक्ष प्रमोद बहल ने दी।

समिति के अध्यक्ष प्रमोद बहल ने बताया कि श्री जगन्नाथ मंदिर में रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां काफी तेजी से चल रही है। यह रथ यात्रा का 17वां भव्य सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। जिसमें करीब पचास हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस महोत्सव में दिल्ली, एनसीआर और ओडिसा के अलावा गैर-ओडिया के लोग शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। मंदिर परिसर का आकर्षक रंग-रोगन कर उसे भव्य और नवीन स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। भगवान के रथ का निर्माण कार्य काफी तेजी के साथ चल रहा है। 18 फीट ऊचे और 6 पहियों वाले रथ का निर्माण अपने अंतिम चरण पर चल रहा है। रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा, शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए श्री जगन्नाथ समिति की पूरी कार्यकारिणी के साथ लगभग 500 स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।