यमुना प्राधिकरण ने 8 उद्योगों को सौंपे लेटर ऑफ इंटेंट

18 हजार से ज्यादा युवाओं को यमुना सिटी में मिलेगा रोजगार

यमुना प्राधिकरण ने 8 उद्योगों को सौंपे लेटर ऑफ इंटेंट

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के साथ ही यमुना सिटी में रोजगार के नए अवसर रोजाना पैदा हो रहे हैं। देश और विदेश की कई कंपनियां यमुना सिटी में अपने उद्योगों को स्थापित करने में जुटी हुई है। इसी के चलते यमुना प्राधिकरण के कार्यालय पर अधिकारियों ने आठ औद्योगिक निवेशकों के साथ एक बैठक की। इस बैठक के दौरान यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों में निवेश करने वाले आठ औद्योगिक निवेशकों को औद्योगिक भूमि आवंटन के लिए लेटर ऑफ इंटेंट सौंपे हैं। इस मौके पर यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी और निवेश प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया के अलावा कई अधिकारी और निवेशक भी मौजूद रहे।


यमुना प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक, इन आठ औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में करीब 3,181.20 करोड़ रुपये का निवेश होगा। जिसमें लगभग 18,126 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। यह परियोजनाएं ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल उपकरण, फूड प्रोसेसिंग, कॉस्मेटिक्स, प्रिंटेड सर्किट बोर्ड निर्माण और स्टील फर्नीचर समेत विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित की जाएगी। इससे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने का एक मौका पैदा होगा।


मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड करेगी सबसे बड़ा निवेश
यमुना सिटी में सबसे बड़ा निवेश मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। कंपनी को सेक्टर 8डी में 50 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। यहां पर 1,156 करोड़ रुपये के निवेश से ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। इस परियोजना से करीब 8 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। इसके अलावा बालर मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड को यमुना प्राधिकरण द्वारा 8 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी 300 करोड़ रुपये के निवेश से इंटीग्रेटेड स्मार्ट इलेक्ट्रिकल मैन्युफैक्चरिंग, अनुसंधान और निर्यातोन्मुख इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना से करीब 1500 से ज्यादा लोगों को रोजगार के अवसर पैदा होंगे। त्रिवेणी अलमारियों प्राइवेट लिमिटेड को यमुना प्राधिकरण की तरफ से 10 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। जिसमें 375 करोड़ रुपये के निवेश से स्टील अलमारी और स्टील फर्नीचर निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। इस परियोजना से लगभग 458 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।


आनन्दित हेल्थकेयर को 8 एकड़ भूमि आवंटित
स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी आनन्दित हेल्थकेयर को यमुना प्राधिकरण ने 8 एकड़ भूमि आवंटित की है। यह कंपनी 500 करोड़ रुपये के निवेश से मेडिकल एवं हेल्थकेयर ग्लव्स निर्माण इकाई स्थापित करेगी। जिससे करीब 750 लोगों को रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में क्रिस्पी सिटी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड को यमुना प्राधिकरण की तरफ से 4 एकड़ भूमि का आवंटन किया गया है। कंपनी 122 करोड़ रुपये के निवेश से फूड प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग यूनिट लगाएगी। जिससे लगभग चार हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।


इनोवेक्स प्रोडक्ट्स एलएलपी को 3 एकड़ भूमि आवंटित
इनोवेक्स प्रोडक्ट्स एलएलपी को यमुना प्राधिकरण की तरफ से 3 एकड़ भूमि का आवंटन किया गया है। जिसमें 140 करोड़ रुपये के निवेश से फूड प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग इकाई स्थापित करेगी। जिससे करीब दो हजार लोगों को रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। कॉस्मेटिक्स और पर्सनल केयर उत्पाद निर्माण के क्षेत्र में एजी ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड को 3 एकड़ भूमि का आवंटन यमुना प्राधिकरण द्वारा किया गया है। कंपनी द्वारा यमुना सिटी में 259.90 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस परियोजना से 1,118 लोगों को रोजगार के अवसर पैदा हो सकेंगे। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में अपार इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड को यमुना प्राधिकरण द्वारा 2.5 एकड़ भूमि का आवंटन किया गया है। कंपनी 29.30 करोड़ रुपये के निवेश से यमुना सिटी में प्रिंटेड सर्किट बोर्ड और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स निर्माण इकाई स्थापित करेगी। जिससे करीब 300 लोगों को रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकेंगे।
परियोजनाओं से मिलेगी औद्योगिक विकास को नई गतिःसीईओ
सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि यमुना प्राधिकरण निवेशकों को पारदर्शी, त्वरित और उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। इन परियोजनाओं से न केवल औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान होगी। बल्कि, बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।