10 जुलाई तक जिला प्रशासन ने मांगी आपत्तियां और सुझाव
61- नोएडा, 62- दादरी और 63- जेवर विधान सभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की ड्राफ्ट सूची प्रकाशित
आगामी विधान सभा चुनावों की तैयारियों के तहत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गौतमबुद्ध नगर में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के बाद गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले 61- नोएडा, 62- दादरी और 63- जेवर विधान सभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की ड्राफ्ट सूची को प्रकाशित कर दिया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि प्रस्तावित मतदेय स्थलों के तहत विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र 61- नोएडा में मौजूदा समय में 233 मतदान केंद्र और 811 मतदेय स्थलों के स्थान पर 232 मतदान केंद्र और 784 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। 62- दादरी में मौजूदा समय के 303 मतदान केंद्र और 794 मतदेय स्थलों के स्थान पर 313 मतदान केंद्र और 743 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। 63- जेवर में मौजूदा समय के 207 मतदान केंद्र और 419 मतदेय स्थलों के स्थान पर 204 मतदान केंद्र और 395 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। इस प्रकार गौतमबुद्ध नगर में मौजूदा समय में कुल 743 मतदान केंद्र और 2024 मतदेय स्थलों के स्थान पर 749 मतदान केंद्र और 1922 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।
10 जुलाई तक कर सकता है आवेदनःडीएम
जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि आगामी 10 जुलाई तक सभी राजनैतिक दलों के निरीक्षण के लिए संबंधित उप जिलाधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय और गौतमबुद्ध नगर की वेबसाइट gbnagar.nic.in पर निशुल्क उपलब्ध है। यदि किसी व्यक्ति और राजनैतिक दलों को प्रस्तावित मतदेय स्थलों के संबंध में कोई भी आपत्ति और सुझाव देना चाहता है तो वह अपना लिखित अभिमत जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और तहसीलदार/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है।