आज से शुरू होगा गौतमबुद्ध नगर में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान
जिलाधिकारी ने की संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर बैठक
सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत एक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिलाधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सभी विभागों को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि जलभराव, मच्छरों के प्रजनन स्थलों और अन्य संभावित कारणों को समय रहते समाप्त किया जाए। जनसामान्य को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाए। जिससे जनसहभागिता से अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। प्रत्येक विभाग द्वारा किए गए कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। जिससे अभियान के दौरान विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सके।
एक जुलाई से शुरू होगा संचारी रोग अभियानःडीएमओ
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुतिकीर्ति वर्मा ने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत आगामी एक जुलाई से संचालित किया जाएगा। इसके बाद आगामी 11 जुलाई से दस्तक अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान में पंचायतीराज विभाग, शिक्षा विभाग, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण, नगर पालिका, नगर पंचायत, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सक्रिय सहभागिता करेंगे। इस अभियान में स्टॉप डायरिया कैंपेन को नवीन घटक के रूप में शामिल किया गया है। इसके तहत फ्रंटलाइन वर्कर्स अपने साथ ओआरएस के पैकेट और जिंक की गोलियां रखेंगे। जिससे लक्षण नजर आने की स्थिति पर जल्द से जल्द इलाज किया जा सके।
आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर करेंगी भ्रमण
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुतिकीर्ति वर्मा ने बताया कि आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर भ्रमण के दौरान बुखार, आईएलआई, टीबी संभावित, कुष्ठ, फाइलेरिया और दस्त रोग के लक्षणयुक्त व्यक्तियों की पहचान की जाएगी। लक्षण नजर आने की स्थिति में ई-कवच पोर्टल पर उनका विवरण दर्ज किया जाएगा। जिससे पात्र व्यक्तियों की आभा आईडी बनाई जा सके। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह, जिला प्रतिरक्षक अधिकारी आरके सिरोहा और जिला मलेरिया अधिकारी श्रुतिकीर्ति वर्मा समेत कई स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।